{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 रतलाम में आबकारी विभाग की कार्रवाई: भारी मात्रा में अवैध शराब और 2 हजार किलो महुआ लहान जब्त, 9 प्रकरण दर्ज

 

 

रतलाम, 27 अक्टूबर (इ खबर टुडे)। जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब और महुआ लहान जब्त किया है। अलग-अलग क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान 50 लीटर हाथ भट्टी शराब, 2 हजार किलोग्राम महुआ लहान और देसी मदिरा के पाव सहित अन्य सामग्री जब्त की गई। विभाग ने विभिन्न स्थानों पर कुल 9 प्रकरण दर्ज किए हैं।

प्रभारी कलेक्टर सुश्री वैशाली जैन के निर्देशन में जिले में अवैध मदिरा के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। जिला आबकारी अधिकारी विकास मंडलोई ने बताया कि अभियान के तहत ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

बाजना और शिवगढ़ क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई

आबकारी विभाग की टीम ने बाजना तथा शिवगढ़ क्षेत्र के ग्राम खेरदा, पीपलीपाड़ा और नयाखेड़ा में अवैध मदिरा विक्रेताओं के ठिकानों पर विधिवत तलाशी ली। इस दौरान 50 लीटर हाथ भट्टी मदिरा, 20 पाव देसी मदिरा प्लेन और करीब 2 हजार किलोग्राम महुआ लहान जब्त किया गया। इन मामलों में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) क एवं च के तहत पांच प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 2 लाख 11 हजार 520 रुपये बताई गई है।

पालसोड़ी, आलोट और जावरा में भी कार्रवाई

रतलाम के इंडस्ट्रियल क्षेत्र पालसोड़ी स्थित इंद्रस्टील्स क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान 30 पाव देसी मदिरा जब्त कर दो प्रकरण दर्ज किए गए।

इसी तरह आलोट क्षेत्र के ग्राम लूनी और रीछा में कार्रवाई करते हुए 15 पाव देसी मदिरा, 5 लीटर हाथ भट्टी शराब और 70 किलोग्राम महुआ लहान जब्त किया गया। यहां दो प्रकरण पंजीबद्ध किए गए।

जावरा क्षेत्र में ढाबों पर भी कार्रवाई की गई। यहां अवैध रूप से रखी शराब जब्त कर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत प्रकरण कायम किए गए।

आबकारी विभाग द्वारा जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।