सांसद अनिल फिरोजिया एवं विधायक डॉ. तेजबहादुर सिंह चौहान ने नागदा स्टेशन से कोटा–उज्जैन मेमू को दिखाई हरी झंडी
रतलाम, 15 जून(इ खबर टुडे)। यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए पश्चिम रेलवे द्वारा कोटा–उज्जैन के मध्य नियमित मेमू ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सांसद अनिल फिरोजिया एवं विधायक डॉ. तेजबहादुर सिंह चौहान ने अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में 15 जून 2026 को नागदा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 61624 कोटा–उज्जैन मेमू को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इस ट्रेन के शुभारंभ से कोटा, नागदा, उज्जैन एवं मार्ग के अन्य स्टेशनों के यात्रियों को आवागमन की बेहतरसुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही क्षेत्रीय संपर्क को मजबूती मिलने के साथ दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों को विशेष लाभ प्राप्त होगा।
गाड़ी संख्या 61624 कोटा–उज्जैन मेमू प्रतिदिन कोटा से प्रातः 05:40 बजे प्रस्थान कर रतलाम मंडल के नागदा (10:30/10:40 बजे), भाटीसुड़ा (10:47/10:48 बजे), पिपलोदा बागला (10:56/10:57 बजे), उन्हेल (11:04/11:05 बजे), पलसोडा मकडावन (11:13/11:14 बजे), असलावदा (11:22/11:23 बजे) तथा नईखेड़ी (11:34/11:35 बजे) स्टेशनों पर होते हुए 12:00 बजे उज्जैन पहुंचेगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 61623 उज्जैन–कोटा मेमू प्रतिदिन उज्जैन से दोपहर 12:30 बजे प्रस्थान कर नईखेड़ी (12:42/12:43 बजे), असलावदा (12:54/12:55 बजे), पलसोडा मकडावन (13:03/13:04 बजे), उन्हेल (13:12/13:13 बजे), पिपलोदा बागला (13:21/13:23 बजे), भाटीसुड़ा (13:33/13:34 बजे) तथा नागदा (14:10/14:20 बजे) स्टेशनों पर होते हुए उसी दिन 19:05 बजे कोटा पहुंचेगी।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक रतलाम अश्वनी कुमार सहित रेलवे के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि, यात्रीगण तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।