{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 रतलाम / दसवीं की छात्रा खुशी ने घर में लगाई फांसी, परिवार में पसरा मातम

 

​मौके से नहीं मिला सुसाइड नोट, पुलिस जांच में जुटी

 

रतलाम,20 अगस्त (इ खबर टुडे)। औद्योगिक क्षेत्र थानांतर्गत डोसी गांव के पास स्थित गौरव पैलेस कॉलोनी में गुरुवार दोपहर एक हृदय विदारक घटना सामने आई। यहाँ दसवीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा खुशी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय छात्रा घर में अकेली थी। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।

जानकारी के अनुसार, खुशी गुरुवार को स्कूल नहीं गई थी। दोपहर के समय जब उसका छोटा भाई मकान की ऊपरी मंजिल पर गया, तो उसने अपनी बहन को फंदे से लटकता देखा। भाई के शोर मचाने पर नीचे रह रहे ताऊ अशोक परमार और आसपास के लोग एकत्र हुए, जिन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मृतका की मां शारदा परमार आंगनवाड़ी कार्यकर्ता हैं तथा पिता प्राइवेट इलेक्ट्रीशियन का काम करते हैं। घटना के समय माता-पिता दोनों काम पर गए हुए थे।

​कारणों की तलाश में जुटी पुलिस
औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों, सहपाठियों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि कदम उठाने की वजह का खुलासा हो सके।