{"vars":{"id": "115716:4925"}}

रतलाम / खाचरोद जेल से फरार पांच हजार का इनामी बलात्कारी गिरफ्तार, धारदार तलवार के साथ धराया

 

 

​रतलाम 11 जुलाई (इ खबर टुडे)। खाचरोद जेल से फरार हुए तीन कुख्यात विचाराधीन कैदियों में से एक को गिरफ्तार करने में खारवा चौकी (थाना ताल) पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने पांच हजार के इनामी आरोपी गोपाल कीर को एक धारदार तलवार के साथ मंडावल रोड से दबोचा है।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिछले साल 25 दिसंबर 2025 को खाचरोद जेल से तीन विचाराधीन कैदी—गोपाल पिता बापूलाल कीर, गोविंदराम पिता आशाराम और नारायण पिता भेरुलाल जाट—सुरक्षा घेरा तोड़कर फरार हो गए थे। इस सनसनीखेज घटना के बाद थाना खाचरोद में धारा 262 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। उज्जैन पुलिस अधीक्षक (SP) द्वारा फरार आरोपियों पर पांच हजार का इनाम भी घोषित किया गया था।

​मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर दबोचा
​रतलाम एसपी अमित कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल के निर्देशन व आलोट एसडीओपी श्रीमती पल्लवी गौड़ के मार्गदर्शन में पुलिस की टीमें लगातार फरार कैदियों की तलाश में जुटी थीं। ​इसी दौरान, आज 11 जुलाई 2026 को खारवा चौकी पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि जेल से फरार आरोपी गोपाल कीर चौकी क्षेत्र के दौलतगंज के पास मंडावल रोड पर किसी अवैध हथियार के साथ घूम रहा है। पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए तुरंत घेराबंदी की और आरोपी को एक लोहे की धारदार तलवार के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

​गंभीर मामलों में बंद था आरोपी
​पकड़ा गया आरोपी गोपाल (उम्र 23 वर्ष), निवासी ग्राम मालाखेड़ी (थाना खाचरोद), एक बेहद गंभीर मामले में जेल में बंद था। उसके खिलाफ पूर्व में अपराध क्रमांक 291/2024 के तहत अपहरण (363), मारपीट (323, 294, 506, 336ए), बलात्कार (376(2) भादवि) और पॉक्सो एक्ट (5/6) जैसी संगीन धाराओं में मामला दर्ज था।

​अब आर्म्स एक्ट में भी दर्ज हुआ केस
तलवार के साथ पकड़े जाने पर पुलिस ने आरोपी गोपाल के खिलाफ थाना ताल में अपराध क्रमांक 350/2026, धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत एक और नया मामला दर्ज किया है।

​इनकी रही सराहनीय भूमिका
​कुख्यात आरोपी को दबोचने में खारवा चौकी और थाना ताल पुलिस के निरीक्षक स्वराज डाबी, प्रधान आरक्षक (116) निकोलस लकड़ा, आरक्षक (1158) देवेन्द्र कायस्थ, आरक्षक (1184) निलेश शर्मा, आरक्षक (445) निलेश सक्सेना एवं आरक्षक (1038) हरिशंकर की विशेष और उल्लेखनीय भूमिका रही। पुलिस अब आरोपी से उसके अन्य फरार साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है।