5,55,555 महामृत्युंजय जप के साथ निकली ऐतिहासिक “लोक कल्याण कावड़ यात्रा”
** महाआरती के साथ महाअनुष्ठान सम्पन्न
रतलाम,16 अगस्त(इ खबर टुडे)। मुरलीवाला फाउंडेशन द्वारा सम्पूर्ण राष्ट्र के मंगल, जनकल्याण एवं सुख-समृद्धि की पवित्र भावना को लेकर रविवार, 16 अगस्त को 5,55,555 महामृत्युंजय मंत्र जप के साथ भव्य “लोक कल्याण कावड़ यात्रा” का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कृति के दिव्य वातावरण में सम्पन्न हुआ।“हमारा राष्ट्र बने सर्वशक्तिमान” के संकल्प के साथ आयोजित इस महाअनुष्ठान में 24 विद्वान आचार्यों के मार्गदर्शन में महामृत्युंजय मंत्र का जप किया गया। यात्रा का शुभारंभ माँ कालिका के पावन प्रांगण, कालिका माता मंदिर से हुआ। कंठ में महामृत्युंजय महामंत्र, कांधे पर कावड़ और हृदय में राष्ट्रमंगल का भाव लिए श्रद्धालुओं ने भगवान महादेव का जयघोष करते हुए नगर भ्रमण किया।
यात्रा कालिका माता मंदिर से गुलाब चक्कर, मेंहदीकुई बालाजी, नगर निगम चौराहा, कॉलेज रोड, नाहरपुरा, डालूमोदी बाजार, गणेश देवरी, धान मंडी, शहीद चौक एवं सैलाना बस स्टैंड सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई सब्जी मंडी प्रांगण, पावर हाउस रोड स्थित श्री कंठीवाला हनुमान मंदिर पहुँची। यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर धर्मप्रेमी नागरिकों द्वारा कावड़ यात्रियों का आत्मीय स्वागत किया गया तथा पूरा वातावरण “हर-हर महादेव” और महामृत्युंजय मंत्र के स्वर से शिवमय हो उठा।
यात्रा के समापन पर श्री कंठीवाला हनुमान मंदिर में भगवान शिव का सहस्रधारा अभिषेक किया गया। इसके पश्चात महाआरती एवं महाप्रसादी का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्मलाभ प्राप्त किया।
आयोजन का मूल भाव था कि भगवान महादेव से की जाने वाली प्रार्थना केवल स्वयं अथवा अपने परिवार तक सीमित न रहे, बल्कि सम्पूर्ण समाज, राष्ट्र और सृष्टि के कल्याण के लिए हो। समुद्र मंथन में भगवान शिव द्वारा स्वयं विषपान कर जगत की रक्षा करने का संदेश ही इस यात्रा की प्रेरणा रहा—“स्व से ऊपर उठकर सर्व के मंगल की कामना।”
इस महाअनुष्ठान की सबसे विशेष बात शिव और शक्ति की एक साथ प्रारंभ हुई साधना रही। जैसे ही माँ कालिका के पावन प्रांगण से श्रद्धालुओं ने कावड़ उठाकर लोक कल्याण यात्रा का शुभारंभ किया, ठीक उसी समय सब्जी मंडी, पावर हाउस रोड स्थित श्री कंठीवाला हनुमान मंदिर में भगवान शिव का सहस्रधारा अभिषेक प्रारंभ हो गया।
एक ओर आदिशक्ति माँ कालिका के आँगन से राष्ट्रमंगल का संकल्प लेकर कावड़ आगे बढ़ रही थी, तो दूसरी ओर महादेव पर अनवरत सहस्रधारा प्रवाहित हो रही थी। इस प्रकार नगर में एक ही समय पर शक्ति की आराधना और शिव की उपासना का अद्भुत आध्यात्मिक संगम साकार हुआ।
मुरलीवाला फाउंडेशन ने यात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले संतजनों, विद्वान आचार्यों, धर्मप्रेमी नागरिकों, मातृशक्ति, युवा साथियों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, प्रशासन, पुलिस विभाग, मीडिया जगत, स्वागतकर्ताओं, सेवाभावी कार्यकर्ताओं तथा प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी शिवभक्तों के प्रति हृदय से कृतज्ञता व्यक्त की।
फाउंडेशन संस्थापक मोहनलाल मुरलीवाला ने कहा कि यह केवल एक कावड़ यात्रा नहीं, बल्कि महामृत्युंजय की शक्ति के माध्यम से राष्ट्रमंगल की सामूहिक प्रार्थना और लोककल्याण का महाअनुष्ठान था।
इस अवसर पर निर्वाणी अखाड़ा पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर परम पूज्य स्वामी श्री श्री 1008 विशोकानंद भारती जी महाराज एवं स्वामी देव स्वरूपानंद जी महाराज अखंड ज्ञान आश्रम, संस्कार ऋषि संत श्री दिनेश जी व्यास नीलकंठ धाम घटवास, का आशीर्वचन भी प्राप्त हुआ। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय,महापौर प्रह्लाद पटेल अनेक गणमान्य लोगो ने भी यात्रा में हिस्सेदारी की।
कार्यक्रम में फाउंडेशन की ओर से गिरधारी लाल,आनंद पाटीदार,कृष्णा पाटीदार ,आशीष पाटीदार, जितेन्द्र परमार,कचरू राठौड़,राकेश पांचाल, महेश पाटीदार रामेश्वर पाटीदार रवि पाटीदार घनश्याम पाटीदार नितिन सोनी उपस्थित रहे कार्यक्रम का संचालन रत्नेश विजयवर्गीय ने किया एवं आभार फेडरेशन अध्यक्ष रविंद्र पाटीदार ने किया