{"vars":{"id": "115716:4925"}}

रतलाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: तेलंगाना और हैदराबाद में चोरी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह गिरफ्तार; 6 किमी खेतों में दौड़ाकर 4 आरोपी दबोचे

 

 

 

रतलाम, 03 सितम्बर (इ खबर टुडे)। थाना बिलपांक पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए राजस्थान के 4 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपी तेलंगाना के आदिलाबाद और हैदराबाद में चोरी की वारदातों को अंजाम देकर चुराई गई वेगनआर कार से फोरलेन के रास्ते राजस्थान भागने की फिराक में थे।

पुलिस अधीक्षक रतलाम से मिली सटीक सूचना के आधार पर बिलपांक थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फोरलेन पर सघन चेकिंग लगाई। संदिग्ध लाल रंग की वेगनआर कार के आते ही पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक कार की रफ्तार बढ़ाकर भागने लगा। पुलिस टीम ने मशक्कत के बाद वाहन को घेराबंदी कर रुकवाया।

गाड़ी रुकते ही उसमें सवार 4 में से 2 आरोपी दरवाजे खोलकर खेतों की तरफ भाग निकले। पुलिस जवानों ने हार न मानते हुए करीब 6 किलोमीटर तक पीछा किया और सर्चिंग अभियान चलाकर भागे हुए दोनों आरोपियों को भी पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी में घनश्याम पिता बगदाराम कुमावत (उम्र 44 वर्ष), निवासी- बांजापुरी, तहसील जैतारण, जिला पाली (राजस्थान), लक्ष्मण राम पिता छगनाराम कुमावत (उम्र 45 वर्ष), निवासी- सोजत, जिला पाली (राजस्थान), बोन्डाराम पिता करनाराम कुमावत (उम्र 38 वर्ष), निवासी- जैतारण, जिला पाली (राजस्थान), मानिकचंद पिता बुधराम कुमावत (उम्र 35 वर्ष), निवासी- बिरोल, तहसील जैतारण, जिला पाली (राजस्थान) शामिल है। 

आदिलाबाद और हैदराबाद में कबूलीं चोरियां
प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों ने थाना आदिलाबाद (जिला आदिलाबाद, तेलंगाना) तथा थाना भिमिनी (हैदराबाद) सहित कई इलाकों में चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है। बिलपांक पुलिस द्वारा संबंधित थानों को सूचित कर दिया गया है और वहां की पुलिस टीम रतलाम के लिए रवाना हो चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों से एक सुजुकी वेगनआर कार, चोरी में प्रयुक्त सब्बल सहित नकदी रुपये जब्त कर ली गई। 

सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में बिलपांक थाना प्रभारी मो. अय्यूब खान, उपनिरीक्षक किशनलाल रजक, प्रधान आरक्षक राहुल जाट, तेजसिंह जगावत, नरेन्द्रसिंह चावड़ा, ईश्वरसिंह राठौर, अशोक मईडा तथा आरक्षक रोशन राठौर, रोहित चौहान, निलेश अवस्या, श्यामदयाल राठौर और विनोद सिंगार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।