भोपाल में लाठीचार्ज के विरोध में रतलाम मेडिकल कॉलेज के इंटर्न्स ने खोला मोर्चा, रोका वेतन जल्द जारी करने की मांग
रतलाम, 08 सितंबर(इ खबर टुडे)। भोपाल में अपनी जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे मेडिकल इंटर्न्स पर पुलिस द्वारा किए गए वॉटर कैनन और लाठीचार्ज के विरोध में आज मंगलवार को शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय (GMC), रतलाम के इंटर्न्स डॉक्टरों ने भी आंदोलन का बिगुल फूंक दिया। भोपाल के सहकर्मियों के समर्थन में उतरते हुए रतलाम के इंटर्न्स डॉक्टरों ने OPD, वार्ड और इमरजेंसी सहित सभी इंटर्नशिप सेवाओं का बहिष्कार कर शांतिपूर्ण हड़ताल शुरू कर दी है।
सुबह 9 बजे GMC रतलाम के गेट नंबर 1 पर एकत्र होकर इंटर्न्स ने भोपाल में हुई घटना के विरोध में जमकर नारेबाजी की। विरोध के प्रतीकात्मक कदम के रूप में सुबह कुछ समय के लिए OPD के गेट बंद रखे गए थे, लेकिन मरीजों की असुविधा और आपातकालीन स्थितियों (Emergency Cases) को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील रुख अपनाते हुए OPD सेवाएं पुनः बहाल कर दी गईं। इसके बाद सभी इंटर्न डॉक्टर कॉलेज परिसर में एकत्र होकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी और प्रदर्शन करते रहे।
दो माह से अटका है मानदेय
प्रदर्शन कर रहे इंटर्न्स डॉक्टरों की मुख्य मांग पिछले दो महीनों से रुका हुआ उनका वेतन (स्टाइपेंड) जल्द से जल्द जारी करना है। इंटर्न्स का कहना है कि वे दिन-रात अपनी सेवाएं देते हैं, लेकिन दो माह से मानदेय न मिलने के कारण उन्हें आर्थिक मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने मीडिया के माध्यम से प्रशासन और संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य मरीजों को परेशान करना नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी जायज मांगें सरकार तक पहुंचाना है। उन्होंने मांग की है कि भोपाल में लाठीचार्ज करने वालों पर कार्रवाई की जाए और अटका हुआ मानदेय तुरंत जारी किया जाए।