इंदौर–दाहोद नई रेल लाइन परियोजना : टीही–धार खंड पर कार्य में तेजी
रतलाम, 23 मार्च (इ खबर टुडे)। पश्चिम रेलवे, रतलाम मंडल की अत्यंत महत्वपूर्ण एवं महत्वाकांक्षी इंदौर–दाहोद नई रेल लाइन परियोजना अब अपने साकार रूप की ओर तेज़ी से अग्रसर है। इस परियोजना के अंतर्गत इंदौर से टीही तक का कार्य पूर्व में सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा चुका है, जबकि टीही से धार के मध्य निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, परियोजना की प्राथमिकता को ध्यान में रखते हुए टीही से धार तक के कार्य को विभिन्न खंडों में विभाजित कर योजनाबद्ध तरीके से निष्पादित किया जा रहा है। टीही–पीथमपुर खंड में टनल निर्माण कार्य शेष होने के कारण निर्माण विभाग द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था अपनाते हुए ट्रैक मशीन (टीटीएम) को सड़क मार्ग से रेलवे ट्रैक पर उतारा गया। इसके माध्यम से पीथमपुर से धार तक ट्रैक की पैकिंग एवं आवश्यक मरम्मत कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया।
इसी क्रम में, ट्रैक की गुणवत्ता एवं फिटनेस की जांच हेतु टॉवर वेगन को भी सड़क मार्ग से लाकर पीथमपुर के निकट रेलवे लाइन पर उतारा गया। निर्माण विभाग द्वारा 23 से 26 मार्च 2026 के मध्य टॉवर वेगन को निर्धारित गति सीमा तक संचालित कर ट्रैक की स्थिरता एवं सुरक्षा का परीक्षण किया जा रहा है। इस संबंध में रेलवे द्वारा पूर्व में ही रेलवे ट्रैक के आस-पास नहीं जाने के लिए जन-सूचना जारी कर आम नागरिकों को सूचित किया गया था, जिससे किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्य इंजीनियर (निर्माण), धीरज कुमार, मुंबई, स्वयं इस महत्वपूर्ण निरीक्षण कार्य की निगरानी हेतु इंदौर पहुंचे हैं। दिनांक 23 मार्च 2026 को उन्होंने पीथमपुर से धार तक टॉवर वेगन के माध्यम से ट्रैक का विस्तृत निरीक्षण किया एवं ट्रैक की वर्तमान स्थिति का मूल्यांकन किया। यह पहली बार है जब इंदौर–दाहोद नई रेल लाइन पर टॉवर वेगन चलाकर ट्रैक की क्षमता का परीक्षण किया गया है, जो परियोजना की प्रगति का महत्वपूर्ण संकेत है।
जब तक पीथमपुर–धार रेल खंड पूर्ण रूप से तैयार होगा, तब तक इसके समानांतर टनल निर्माण कार्य भी तीव्र गति से जारी रहेगा। रेलवे प्रशासन द्वारा पूर्ण तैयारी के साथ इंदौर–दाहोद रेल लाइन को धार तक शीघ्र प्रारंभ करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र के लोगों को शीघ्र ही रेलवे सेवा का लाभ मिलेगा तथा इंदौर से धार के बीच आवागमन सुगम, सुरक्षित एवं समयबद्ध हो सकेगा। यह परियोजना न केवल क्षेत्रीय विकास को गति देगी, बल्कि औद्योगिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी नई दिशा प्रदान करेगी।