{"vars":{"id": "115716:4925"}}

दर्दनाक हादसा: पलसोड़ी में आवारा कुत्ते के हमले से 3 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत

​आँगन में खेलते समय कुत्ते ने किया हमला, रतलाम जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने घोषित किया मृत; माता-पिता अजमेर में मजदूरी करने गए थे
 

​रतलाम, 22 अक्टूबर (इ खबर टुडे)। समीपस्थ गाँव पलसोड़ी में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार शाम को गाँव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहाँ घर के आँगन में खेल रही तीन वर्ष की मासूम बच्ची पर एक आवारा कुत्ते ने जानलेवा हमला कर दिया। कुत्ते के हमले में गंभीर रूप से घायल हुई बच्ची की आखिरकार मौत हो गई। इस घटना से पूरे गाँव में शोक की लहर दौड़ गई है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

​जानकारी के अनुसार, घटना पलसोड़ी गाँव की है। शाम करीब 5 बजे तीन वर्षीय मासूम मनीषा अपने घर के आँगन में खेल रही थी। इसी दौरान अचानक एक आवारा कुत्ता वहाँ पहुँचा और उसने बच्ची पर हमला कर दिया। कुत्ते के अचानक हमले से बच्ची चीखने-चिल्लाने लगी। आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुँचे और कड़ी मशक्कत के बाद कुत्ते को भगाया। हालांकि, तब तक कुत्ता बच्ची को बुरी तरह से घायल कर चुका था।  

​जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
​घटना के तुरंत बाद घायल बच्ची को उसकी दादी और स्थानीय ग्रामीण आनन-फानन में उपचार के लिए रतलाम जिला चिकित्सालय लेकर आए। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों द्वारा बच्ची को मृत घोषित करते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इसके बाद मृत बच्ची के शव को पोस्टमार्टम (PM) के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया।  

​दादा-दादी के पास रहती थी मनीषा, माता-पिता अजमेर गए हैं
​बताया जा रहा है कि मृतक बच्ची मनीषा गाँव में अपने दादा शंभू भाभर और दादी मुन्नाबाई के साथ रहती थी। परिवार का पालन-पोषण करने के लिए उसके माता-पिता एक माह पूर्व ही मजदूरी करने राजस्थान के अजमेर शहर गए हुए थे। बच्ची की मौत की दुखद सूचना अजमेर में मौजूद उसके माता-पिता को दे दी गई है। परिजनों के शुक्रवार सुबह तक गाँव पलसोड़ी पहुँचने की संभावना जताई गई है।