{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 साधु के वेश में आए ढोंगियों ने झाड़-फूंक के बहाने की थी लूट, सुखेड़ा पुलिस ने 4 आरोपियों को दबोचा

 
 

रतलाम, 24 मई (इ खबर टुडे)। घर में भूत-प्रेत का साया बताकर और तंत्र-मंत्र का झांसा देकर गरीब परिवार के सोने-चांदी के जेवर उड़ाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के चार शातिर ठगों को सुखेड़ा पुलिस (थाना पिपलौदा) ने गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से शत-प्रतिशत मशरूका (गहने) और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें जब्त कर ली गई हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचेवा निवासी फरियादिया कारीबाई भील ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21 मई को साधु के वेश में चार अज्ञात लोग उनके घर भिक्षा मांगने आए थे। आरोपियों ने घर में भूत-प्रेत का साया होने का डर दिखाया और कहा कि वे जादू-टोने से इसे ठीक कर देंगे।

झांसे में आकर परिवार ने उनके कहे अनुसार जमीन पर गेहूं और चावल की ढेरी बनाई। ठगों ने कहा कि जिसने भी गहने पहने हैं, वे उतारकर इस ढेरी पर रख दें। इस पर फरियादिया की बेटी चेतना ने अपना सोने का मंगलसूत्र, चांदी की पायल और चांदी की चेन उतारकर वहां रख दी। आरोपियों ने नजर बचाकर गहने गायब कर दिए और परिवार को कुछ दूरी पर बैठने को कहा। इसके बाद वे फरियादिया के छोटे बेटे को श्मशान घाट की तरफ ले गए और उसे वहीं छोड़कर अपनी बाइकों से फरार हो गए।

अपराध क्रमांक 174/2026 के तहत थाना पिपलौदा में बीएनएस की धारा 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

हुसैन टेकरी से धरे गए आरोपी, 90 हजार का माल बरामद
चोरी और ठगी की इस सनसनीखेज वारदात को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। एसडीओपी संदीप मालवीय व थाना प्रभारी रमेश कोली के निर्देशन में सुखेड़ा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजू मखोड ने टीम के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए जावरा की प्रसिद्ध हुसैन टेकरी से चार संदिग्धों को हिरासत में लिया।

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया पूरा माल (कीमत करीब 90,000 रुपये) और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल (MP 14 NE 5466) व एक बिना नंबर की स्प्लेंडर प्लस जब्त की है।

पकड़े गए आरोपियों के नाम
विजय (21) पिता प्रहलाद राव, निवासी- ठिकरिया, जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान)

लखन (21) पिता मांगीलाल राव, निवासी- शिवाजी मगरा, दलोदा, जिला मंदसौर

भोला (26) पिता शोभाराम राव, निवासी- गुलियाना, जिला मंदसौर

कन्हैयालाल उर्फ नरेंद्र (22) पिता गोवर्धन महाराज राव, निवासी- दलोदा, जिला मंदसौर

इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस अंधी अनसुलझी ठगी का पर्दाफाश करने में पिपलौदा थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश कोली, सुखेड़ा चौकी प्रभारी उनि. राजू मखोड, सउनि. मोहनलाल गुजराती, आरक्षक विजयपाल सिंह, आरक्षक प्रेम मीणा, आरक्षक जितेंद्र माली और सैनिक कारूसिंह सोलंकी की मुख्य व सराहनीय भूमिका रही। एसपी अमित कुमार ने पूरी टीम की पीठ थपथपाई है।