रतलाम / अवैध शराब परिवहन के सिंडिकेट का पर्दाफाश, 25 लाख का मशरूका जब्त
रतलाम,24 अक्टूबर (इ खबर टुडे)। रतलाम पुलिस द्वारा अवैध शराब के परिवहन और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में थाना रिंगनोद अंतर्गत चौकी असावती पुलिस ने ताल रोड स्थित गोशाला के पास घेराबंदी कर 170 पेटी अवैध बीयर के साथ दो वाहन जब्त कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब और वाहनों की कुल अनुमानित कीमत 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आज शनिवार को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर चौकी असावती पुलिस टीम ने ताल रोड, असावती स्थित गोशाला के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों को रोका। तलाशी लेने पर वाहनों से माउंट 6000 कंपनी की बीयर की 170 पेटियां कुल 4,080 बीयर केन, 2,040 बल्क लीटर बरामद हुईं।
पुलिस ने आरोपियों से माउंट एवरेस्ट 6000 कंपनी की 170 पेटी बीयर (कीमत लगभग 5 लाख रुपये), एक पिकअप-बोलेरो वाहन (क्रमांक MP14GC-1642) एक काले रंग की हुंडई वेन्यू कार (कुल जब्त सामग्री की कीमत 25,00,000) भी जब्त की है।
चार आरोपी गिरफ्तार, आबकारी एक्ट में केस दर्ज
मामले में पुलिस ने मौके से चार आरोपी सुरेश मीणा 27 वर्ष निवासी डोराना, थाना नई आबादी जिला मंदसौर,शक्तिसिंह राठौर 30 वर्ष निवासी गोराड़िया गोर थाना सीतामऊ जिला मंदसौर, दुर्गेश राणावत 38 वर्ष निवासी डोराना थाना नई आबादी, जिला मंदसौर, रंजीतसिंह राठौर 38 वर्ष निवासी कुम्हारी थाना रिंगनोद जिला रतलाम को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना रिंगनोद में अपराध क्रमांक 419/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।
नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस
पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर शराब के मुख्य स्रोत, सप्लाई नेटवर्क तथा इसमें शामिल अन्य लोगों के संबंध में कड़ाई से पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विवेचना के दौरान जो भी अन्य नाम सामने आएंगे, उन पर भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रिंगनोद जितेंद्र सिंह जादौन, चौकी प्रभारी असावती उपनिरीक्षक शरीफ खान, सहायक उपनिरीक्षक कमलेश सीनम, आरक्षक मनोज परिहार, नारायण धाकड़, दिनेश गुर्जर, तरुण पोकरवाल एवं सैनिक जितेंद्र परमार की महत्वपूर्ण व सराहनीय भूमिका रही।