रावटी में रहवासी इलाके की दुकान से 3 लाख के अवैध पटाखे जब्त, 46 कार्टून आतिशबाजी सामग्री मिली
रतलाम, 1 नवंबर (इ खबर टुडे)। दीपावली के त्योहार से पहले अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। रावटी पुलिस ने सिंचाई कॉलोनी स्थित एक दुकान पर दबिश देकर करीब 3 लाख रुपए कीमत की आतिशबाजी सामग्री जब्त की है। दुकान में बिना वैध लाइसेंस के 46 कार्टून पटाखे रखे हुए थे। इनमें अनार, फुलझड़ियां, टिकड़ियां, सुतली बम, लहसुन टिकड़ी, रॉकेट सहित विभिन्न प्रकार की आतिशबाजी सामग्री शामिल है।
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर को थाना रावटी की टीम क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान नायन रोड पर मुखबिर से सूचना मिली कि सिंचाई कॉलोनी स्थित विनोद गांधी की दुकान में बिना लाइसेंस बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण किया गया है। सूचना पर थाना प्रभारी के निर्देशन में पुलिस टीम ने पंचों की मौजूदगी में दुकान पर पहुंचकर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान दुकान के अंदर 46 कार्टून में अलग-अलग प्रकार के पटाखे और आतिशबाजी सामग्री मिली। दुकान संचालक विनोद पिता चंदनलाल गांधी (44), निवासी नायन से जब आतिशबाजी सामग्री रखने के लाइसेंस के संबंध में पूछताछ की गई तो उसने लाइसेंस नहीं होना बताया। रहवासी क्षेत्र में बड़ी मात्रा में विस्फोटक आतिशबाजी सामग्री रखे होने से आमजन की सुरक्षा को खतरा देखते हुए पुलिस ने पूरी सामग्री जब्त कर ली। इसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपए बताई गई है।
जांच के दौरान विनोद गांधी ने पुलिस को बताया कि उसने दुकान विकास पिता अशोक मेहता निवासी रावटी को किराये पर दे रखी है। इसके बाद पुलिस ने विनोद गांधी और विकास मेहता दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 एवं विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 9(ख) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है।
पुलिस ने विनोद गांधी को जमानती अपराध होने के कारण भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35(3) के तहत नोटिस जारी कर नियत तिथि पर न्यायालय में उपस्थित होने के लिए पाबंद किया है। जब्त आतिशबाजी सामग्री को सुरक्षा की दृष्टि से थाने के मालखाने में जमा कराया गया है।
इनकी रही भूमिका:
कार्रवाई में थाना प्रभारी मनीष डावर, उपनिरीक्षक मोहम्मद इरफान खान, आरक्षक अवधेश परमार, बहादुर डांगी, प्रेम कटारा सहित रावटी थाना पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।