रतलाम / मोटर सायकिल से अवैध मादक पदार्थ की तस्करी, 20 लाख की ड्रग्स के साथ एक आरोपी गिरफ्तार, पुलिस पूछताछ में जुटी
रतलाम 21 फरवरी (इ खबर टुडे)। जिले की रिंगनोद थाना क्षेत्र अंतर्गत अवैध मादक पदार्थ की तस्करी मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मोटरसाइकिल से जा रहे आरोपी युवक से 200 ग्राम एमडी जिसकी कीमत 20 लाख रुपए को जप्त की है। पुलिस में एनडीपीएस के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिले के रिंगनोद थाना क्षेत्र अंतर्गत माननखेडा चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक होंडा शाइन मोटरसाइकिल क्रमांक MP 43 ZG 0721 से एमडी ड्रग्स लेकर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर अतिरिक्त अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं अनुविभागी अधिकारी जावरा के संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारी राजेश मालवीय के नेतृत्व में एक टीम गठित हुई।
गठित टीम द्वारा ग्राम माननखेडा स्थित आम रोड चौराहे पर घेराबंदी की गई। घेराबंदी के दौरान पुलिस ने एमडी ड्रग्स की तस्करी करते हुए फैजान खान पिता रफीक खान पठान 22 वर्षीय निवासी रिंगनोद को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी से 200 ग्राम एमडी जिसकी कीमत 20 लाख रुपए सहित एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस के तहत प्रकरण दर्ज कर अवैध मादक पदार्थ के संबंध में पूछताछ करना शुरू कर दिया है।