{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 हाईवे के बीच स्थित दरगाह पर बिना अनुमति हो रहा अवैध निर्माण

 प्रशासन मौन,दुर्घटनाओं का खतरा बढा
 
 

रतलाम,30 अप्रैल (इ खबरटुडे)। रतलाम शहर को मन्दसौर नीमच हाईवे से जोडने वाले सिटी फोरलेन हाईवे के बीच में स्थित दरगाह पर बिना अनुमति धडल्ले से निर्माण कार्य किया जा रहा है। जिला प्रशासन और नगर निगम सबकुछ जानते हुए भी इस ओर से आंखे मूंदे बैठे है।

उल्लेखनीय है कि शहर को मन्दसौर नीमच हाईवे से जोडने वाले सिटी फोरलेन के निर्माण के समय पहलवान बाबा की दरगाह का मुद्दा जोर शोर से छाया हुआ था। सरकारी दस्तावेजों की जांच से साफ हुआ था कि उक्त दरगाह शासकीय भूमि पर अवैध रुप से स्थापित की गई थी। बाद में दरगाह के साथ में अवैध मस्जिद और हाल का निर्माण भी कर लिया गया था। सडक़ चौडीकरण में बाधक होने की वजह से इस दरगाह को हटाया जाना जरुरी था।

दरगाह समर्थकों के दबाव में प्रशासन ने दरगाह के बाकी के अवैध हिस्सों को ढहाते हुए सिर्फ दरगाह को बचाए रखने पर सहमति देते हुए इसे नए बनने वाले फोरलेन के बीच में रखने पर सहमति प्रदान की थी। फोरलेन निर्माण के दौरान इस दरगाह को रोड डिवाइडर के बीच में रखने पर सहमति बनाई गई थी और यह तय किया गया था कि इसमें अब कोई नया निर्माण नहीं किया जाएगा।

लेकिन समय बीतने के साथ अब सबकुछ बदलने लगा है। दरगाह समर्थकों ने पहले तो दरगाह के चारो ओर कनातें लगाकर इसका स्वरुप बदला और फिर धीरे से पूरी दरगाह को लोहे की रैलिंग से कवर कर दिया गया। इसके बाद दरगाह समर्थकों ने यहां पक्का निर्माण शुरु कर दिया। जबकि यह पहले ही तय हो चुका था कि इसके स्वरुप में कोई परिवर्तन नहीं किया जाएगा।

ताजा जानकारी के मुताबिक दरगाह पर फिर से निर्माम कार्य किया जा रहा है। दरगाह संचालकों ने इस निर्माण के लिए ना तो नगर निगम से और ना ही जिला प्रशासन से कोई अनुमति प्राप्त की है। दरगाह संचालक इस दरगाह को फिर से पुराने स्वरुप में लाने के लिए प्रयासरत है। उल्लेखनीय है कि इस तरह के निर्माण के लिए जिला प्रशासन की अनुमति आवश्यक होती है।

यहां यह ध्यान रखना आवश्यक है कि दरगाह को फोरलेन के बीचो बीच रोड डिवाइडर के स्थान पर रखे जाने की अनुमति दी गई थी। यदि इस स्थान पर नया निर्माण किया जाता है तो यह फोरलेन से गुजरने वाले वाहनों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। सडक़ की चौडाई कम होने से यहां आए दिन दुर्घटनाओं को खतरा बना रहना तय है। ऐसे में जरुरी है कि फोरलेन के बीचोबीच स्थित इस दरगाह पर किए जा रहे बिना अनुमति निर्माण पर तत्काल रोक लगाई जाए।