रतलाम / कपास के खेत के बीच हो रही अवैध गांजे की खेती का भंडाफोड़, 1.20 लाख रुपए के पौधे जब्त
रतलाम, 04नवंबर (इ खबर टुडे)। जिले में मादक पदार्थों और अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रतलाम पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। थाना रावटी क्षेत्र के ग्राम सांगला का माल (खेरियारुंडी कला) में पुलिस ने निजी भूमि पर कपास की फसल के बीच छिपकर की जा रही अवैध गांजे की खेती का पर्दाफाश किया है। मौके से पुलिस ने 12.800 किलोग्राम वजनी 9 हरे गांजे के पौधे जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1,20,000 रुपए आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 8/20 के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी सैलाना लेखराज मीणा के नेतृत्व में पुलिस की संयुक्त टीमों का गठन किया गया था।
मुखबिर से मिली खास सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने ग्राम सांगला का माल क्षेत्र में पहाड़ी किनारे स्थित खेतों और आसपास के इलाकों में सर्चिंग अभियान चलाया। दबिश के दौरान कपास की हरी फसल के बीच अवैध रूप से गांजे के पौधे उगाए जाने का मामला सामने आया। पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सभी 9 हरे गांजे के पौधे उखाड़कर जब्त कर लिए।
भूमि मालिक की तलाश और नेटवर्क की जांच जारी
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह अवैध खेती रंगीलीबाई पति जय सिंह भाभर की निजी भूमि पर की जा रही थी। पुलिस अब भूमि मालिक और इस अवैध खेती से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। मामले में संलिप्त अन्य व्यक्तियों और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए गहन अनुसंधान किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
कार्रवाई में इनकी रही
सराहनीय भूमिका
कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में एसडीओपी सैलाना लेखराज मीणा, थाना प्रभारी रावटी निरीक्षक मनीष डावर, उपनिरीक्षक खान, सहायक उपनिरीक्षक पार सिंह वसुनिया, दिनेश मावी, प्रधान आरक्षक आतिश धानक, महेश वाघेला, राजेश बख्शी, नंदकिशोर मालवीय, महिला प्रधान आरक्षक अर्चना बाथरी, सीमा दायमा, आरक्षक अवधेश सिंह परमार, बहादुर डांगी, राकेश निनामा सहित संपूर्ण थाना स्टाफ और साइबर सेल की टीम शामिल रही।