रतलाम में अवैध गांजे की खेती का पर्दाफाश: 18 किलो से अधिक के पौधे जब्त, एक गिरफ्तार
रतलाम, 14 नवंबर (इ खबर टुडे)। थाना बिलपांक पुलिस ने अवैध रूप से गांजे की खेती करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 18 किलो 670 ग्राम वजनी गांजे के 28 हरे पौधे जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 72,000 रुपये है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते दिन शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पानखेड़ा निवासी दयाराम पिता मानसिंह गोदार ने अपने घर के आसपास और पीछे स्थित खेत में अवैध रूप से गांजे के पौधे उगा रखे हैं। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चौकी बिरमावल से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पंचों की उपस्थिति में खेत की तलाशी लेने पर वहां गांजे के कुल 28 हरे पौधे पाए गए। आरोपी के पास इन पौधों की खेती करने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या अनुमति नहीं थी।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत अपराध क्रमांक 739/2026 पंजीबद्ध कर आरोपी दयाराम गोदार (उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम पानखेड़ा) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से रिमांड पर पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने गांजे के बीज कहां से प्राप्त किए थे और इस अवैध कारोबार में अन्य कौन लोग संलिप्त हैं।
इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी बिलपांक अय्यूब खान, उपनिरीक्षक अल्केश सिंगाड़, उनि. सुरेश गोयल, सउनि. मानालाल दसोरिया, प्रधान आरक्षक अनिल शुक्ला, आरक्षक मुकेश कुमावत, आर. नितेश निनोर और आर. रोशन राठौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।