{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 

आईजी राकेश गुप्ता ने रतलाम में ली कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक; पुलिस सामुदायिक भवन ‘निकुंज’ का किया शुभारंभ

 
रतलाम, 04 जून (इ खबर टुडे ) पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन राकेश गुप्ता आज रतलाम जिले के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने नवीन पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचकर जिले की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की। 

बैठक में पुलिस उप महानिरीक्षक रतलाम रेंज निमिष अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार सहित जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

समीक्षा बैठक के दौरान आईजी राकेश गुप्ता ने जिले में घटित अपराधों, लंबित प्रकरणों, संपत्ति संबंधी मामलों, महिला एवं बाल अपराधों, मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, वारंट तामीली तथा कानून व्यवस्था की स्थिति की बारीकी से समीक्षा की।

उन्होंने अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपराधियों के खिलाफ सख्त और परिणाममूलक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। आईजी ने गंभीर अपराधों के त्वरित निराकरण, फरार आरोपियों की धरपकड़, ड्रग तस्करों के खिलाफ कठोर एक्शन, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण और जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग को और अधिक मजबूत करने पर विशेष बल दिया।

पुलिस लाइन में नवनिर्मित सामुदायिक भवन “निकुंज” का भव्य शुभारंभ
दौरे के दौरान आईजी राकेश गुप्ता ने पुलिस लाइन रतलाम में नवनिर्मित पुलिस सामुदायिक भवन “निकुंज” का विधिवत फीता काटकर शुभारंभ किया। इस गरिमामयी अवसर पर डीआईजी निमिष अग्रवाल, एसपी अमित कुमार, एएसपी विवेक कुमार, रक्षित निरीक्षक मोहन भर्रावत, सूबेदार श्रीमती मोनिका सिंह ठाकुर, सूबेदार अनोखीलाल परमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

पुलिस कल्याण की दिशा में बड़ा कदम
इस अवसर पर आईजी राकेश गुप्ता ने कहा, "इस प्रकार की सुविधाएं पुलिस परिवारों के कल्याण एवं सामाजिक समन्वय को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।" उन्होंने रतलाम पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे पुलिस वेलफेयर की दिशा में एक बड़ा और सराहनीय कदम बताया।

आमजन को भी मिलेगी आधुनिक सुविधाएं
इस नवनिर्मित पुलिस सामुदायिक भवन “निकुंज” के शुरू होने से अब पुलिस परिवारों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए एक सुव्यवस्थित और आधुनिक सर्वसुविधायुक्त स्थल मिल सकेगा। 

इस भवन में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था के साथ-साथ बैठक और बड़े आयोजनों से जुड़ी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने इस सामुदायिक भवन के बेहतर संचालन और अधिकतम उपयोग को सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।