दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक में घुसी अर्टिगा कार, खाटू श्याम जा रहे 4 श्रद्धालुओं की मौत, 5 गंभीर
रतलाम,15 अगस्त (इ खबर टुडे)। दिल्ली-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेस-वे पर शिवगढ़ क्षेत्र के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में 4 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चों समेत 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब तेज रफ्तार अर्टिगा कार सड़क किनारे खड़े एक खराब ट्रक में पीछे से जा घुसी।
दुर्घटना की मुख्य वजह कार की अत्यधिक रफ्तार और रात का अंधेरा माना जा रहा है। रतलाम जिले के शिवगढ़ के पास ट्रक (RJ 14 GP 7281) में अचानक आई तकनीकी खराबी के कारण चालक ने उसे सड़क किनारे खड़ा किया था। इसी दौरान अर्टिगा कार के चालक को अंधेरे में खड़ा ट्रक समय पर दिखाई नहीं दिया और भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार यात्री अंदर ही फंस गए।
हादसे में तीन महिलाएं और एक पुरुष (सभी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई)। दो बच्चों सहित पांच लोग घायल हुए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। कार सवार सभी लोग झाबुआ, धार और इंदौर के निवासी थे, जो श्री खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए राजस्थान जा रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही शिवगढ़ थाना पुलिस और एक्सप्रेस-वे की रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय निवासियों की सहायता से काफी मशक्कत के बाद घायलों और शवों को कार से बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तत्काल एम्बुलेंस से रतलाम के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचित कर दिया है। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि ट्रक सड़क किनारे अवैध रूप से खड़ा था या उसमें सुरक्षा संकेतक (इंडिकेटर/रिफ्लेक्टर) लगाए गए थे या नहीं।