महू-नीमच फोरलेन पर भीषण हादसा: स्पीड ब्रेकर पर उछलकर डिवाइडर से टकराई कार, धमाके के साथ पलटी; 5 युवक बाल-बाल बचे
रतलाम, 20 सितंबर(इ खबर टुडे)। महू-नीमच फोरलेन पर शनिवार रात एक बड़ा हादसा हो गया, जहां एक तेज रफ्तार कार स्पीड ब्रेकर पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर के बाद कार पलट गई और उसमें जोरदार ब्लास्ट (धमाका) हो गया। गनीमत यह रही कि कार में सवार पांचों युवक समय रहते बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया और सभी की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 10:30 बजे धार जिले के पीथमपुर से पांच युवक इको स्पोर्ट कार में सवार होकर राजस्थान स्थित श्री सांवलिया सेठ के दर्शन के लिए जा रहे थे। कार जैसे ही नामली क्षेत्र में पलदुना फंटे के पास पहुंची, अत्यधिक तेज रफ्तार होने के कारण वह स्पीड ब्रेकर पर उछल गई। चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पलटते ही उसमें जोरदार धमाका हुआ और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
कार में सवार थे ये युवक
हादसे के समय कार में सचिन सौंदिया, सोनरजीत (पिता सुरेंद्र यादव), अनुपम (पिता श्यामू केशरवानी), प्रिंस राजपूत (पिता मनोज सिंह) और एक अन्य युवक सवार थे। गनीमत रही कि कार में आग या ब्लास्ट के तुरंत बाद सभी युवक किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे। हादसे में पांचों युवकों को मामूली चोटें आई हैं।
चालक पर लापरवाही का मामला दर्ज
सूचना मिलते ही नामली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण होना सामने आया है। नामली पुलिस द्वारा कार चालक के खिलाफ तेज गति एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने का प्रकरण दर्ज किया जा रहा है।