{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 रतलाम / महू-नीमच रोड स्थित अवैध दरगाह निर्माण और आयोजन रोकने की मांग, हिंदू संगठनों ने PWD को सौंपा ज्ञापन
 

 
 

​रतलाम,13 मई (इ खबर टुडे)। शहर के महू-नीमच रोड स्थित सेजावता बायपास पर सरकारी भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण और वहां प्रस्तावित बिना अनुमति के कार्यक्रमों को लेकर हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश है। बुधवार को हिंदू संगठन और हिंदू समाज के लोगों ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के कार्यपालन यंत्री को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

हिन्दू संगठन के कार्यकर्ताओ ने बताया कि ​दस्तावेज 1005786308 के अनुसार, ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि सेजावता बायपास पर सर्वे नंबर 104, जो कि मुख्य सड़क पर स्थित शासकीय भूमि है, वहां हजरत पहलवान बाबा शाह की दरगाह का अवैध निर्माण किया गया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि करीब 2 वर्ष पूर्व प्रशासन ने यहां से अतिक्रमण हटाया था, लेकिन अब पुनः मनमाने ढंग से अतिक्रमण कर निर्माण कार्य बढ़ा लिया गया है।

​बिना अनुमति के बड़े आयोजन की तैयारी
​हिंदू संगठनों ने अधिकारियों को अवगत कराया कि उक्त स्थल पर 13, 14 और 15 मई 2026 को कव्वाली जैसे बड़े कार्यक्रमों की तैयारी की जा रही है। ज्ञापन में दावा किया गया है कि इस आयोजन के लिए किसी भी विभाग से अनुमति नहीं ली गई है। फोरलेन पर इस तरह के अवैध आयोजन से यातायात बाधित होने और दुर्घटनाओं की आशंका जताई गई है।

​हिंदू समाज के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया है कि यदि इस अवैध निर्माण को नहीं हटाया गया और प्रस्तावित कार्यक्रम नहीं रोके गए, तो किसी भी प्रकार की दुर्घटना या असुविधा की पूरी जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग की होगी।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले मंगलवार को भी हिंदू संगठनों ने कलेक्ट्रेट पहुँचकर एडीएम, एसडीएम और सीएसपी को इसी विषय में ज्ञापन सौंपा था।