हरिद्वार-ऋषिकेश तीर्थ दर्शन यात्रा 26 जून को होगी रवाना, रतलाम जिले को 196 सीटों का आवंटन
रतलाम, 06 मई (इ खबर टुडे)। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत रतलाम जिले के वरिष्ठ नागरिकों के लिए हरिद्वार-ऋषिकेश तीर्थ यात्रा 26 जून 2026 को रवाना होगी, जो 29 जून 2026 को वापस लौटेगी। इस यात्रा के लिए जिले को कुल 196 सीटों का कोटा आवंटित किया गया है। यात्रा के लिए ट्रेन रतलाम रेलवे स्टेशन से ही प्रस्थान करेगी तथा वापसी भी यहीं होगी।
यात्रा में शामिल होने के इच्छुक आवेदकों के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 12 जून 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन जिले के सभी तहसील कार्यालयों, जनपद पंचायत कार्यालयों एवं नगर निगम रतलाम में जमा किए जा सकते हैं। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी, नियम एवं आवेदन पत्र विभागीय वेबसाइट www.dharmasva.mp.gov.in पर उपलब्ध हैं।
आवेदन के लिए पात्रता शर्तेंयोजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का मध्यप्रदेश का मूल निवासी होना अनिवार्य है तथा वह आयकरदाता नहीं होना चाहिए। आवेदक की आयु 60 वर्ष या उससे अधिक होना आवश्यक है। महिलाओं के लिए अधिकतम आयु सीमा में 2 वर्ष की छूट दी गई है, अर्थात वे 58 वर्ष की आयु में भी आवेदन कर सकती हैं। वहीं, 60 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग व्यक्तियों के लिए आयु सीमा लागू नहीं होगी।
चयन प्रक्रियायदि निर्धारित सीटों से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं, तो पात्र आवेदकों का चयन लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा और अंतिम सूची तैयार की जाएगी। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने जिले के वरिष्ठ नागरिकों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने का आग्रह किया है।