रतलाम में भाजयुमो की भव्य तिरंगा वाहन रैली, युवाओं ने लिया तिरंगे की गरिमा का संकल्प
रतलाम,12अगस्त(इ खबर टुडे)। भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला रतलाम द्वारा आयोजित 'तिरंगा वाहन रैली' के समापन पर एक भव्य मंचीय कार्यक्रम संपन्न हुआ। 5 विधानसभाओं के 25 मंडलों से आए बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में निकले इस आयोजन से पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंग गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने रतलाम जिले के युवाओं से राष्ट्रभक्ति की भावना को दैनिक जीवन में आत्मसात करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने युवाओं से राष्ट्रध्वज के सम्मान की विशेष अपील की। उन्होंने कहा कि रैली के बाद यह सुनिश्चित करें कि किसी भी स्थिति में तिरंगे का अनादर न हो। 15 अगस्त को इन ध्वजों को अपने घरों पर सबसे ऊँचे स्थान पर सम्मानपूर्वक फहराएं।
कार्यक्रम की शुरुआत में भाजयुमो जिलाध्यक्ष अनुकूल सोनी ने अतिथियों का तिरंगा दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया और कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया। इसके अलावा रतलाम महापौर प्रहलाद पटेल एवं भाजयुमो प्रदेश महामंत्री विप्लव जैन ने भी मंच से युवाओं को संबोधित करते हुए संगठन व राष्ट्रहित में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।
प्रमुख जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में आरडीए अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, उपाध्यक्ष गोविंद काकानी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बजरंग पुरोहित, शैलेन्द्र डागा, जिला महामंत्री जयवंत कोठारी, पिछड़ा मोर्चा जिलाध्यक्ष संदीप यादव, सैलाना की पूर्व विधायक संगीता चारेल, अजजा मोर्चा प्रदेश महामंत्री दिलीप मकवाना एवं अजजा मोर्चा जिलाध्यक्ष गोविंद डामोर सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन सौरभ रंका ने किया। तिरंगे के साथ निकली इस विशाल वाहन रैली और राष्ट्रभक्ति के संदेशों ने आयोजन को बेहद खास बना दिया।