{"vars":{"id": "115716:4925"}}

रतलाम में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस: बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा रैली

 

 

रतलाम, 15 अगस्त(इ खबर टुडे)। शहर में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। चारों ओर गूंजते देशभक्ति के गीतों से पूरा शहर राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। इस पावन अवसर पर शनिवार को भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष इब्राहिम शैरानी के नेतृत्व में एक भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया।

​यह विशाल तिरंगा यात्रा अंजुमन सदर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों—कान्वेंट स्कूल, घांस बाजार, डालूमोदी बाजार और पैलेस रोड से होती हुई मोचीपुरा पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम्' के गगनभेदी नारों से पूरा वातावरण देशप्रेम की भावना से गुंजायमान हो उठा। रैली के मार्ग में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया।

​तिरंगा रैली में कार्यकर्ताओं और आम जनता का विशेष उत्साह देखने को मिला। लोग हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा थामे देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ते रहे।

​इस अवसर पर इमरान खोकर, यासमीन शैरानी, वसीम शैरानी, जुबेर बरकाती, इकरार चौधरी, इमरान सर, यूनुस तक, इमरान ताज और शाहिद सहित बड़ी संख्या में मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता व नागरिक मौजूद रहे।