{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 रतलाम: पीपलखुटा में ‘परमानंद नेचुरल फार्म’ हाईटेक नर्सरी का भव्य शुभारंभ; 8 जिलों के 250 से अधिक किसान हुए शामिल

 

 

रतलाम,27अगस्त (इ खबर टुडे)। कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और व्यावसायिक फसलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत पीपलखुटा में “परमानंद नेचुरल फार्म” हाईटेक नर्सरी का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर रतलाम और उज्जैन संभाग सहित 8 जिलों के लगभग 250 किसान और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

​कार्यक्रम में एमजीएम प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर एवं CEO डॉ. बालचंद्र विश्वकर्मा, मोटिवेशनल स्पीकर महेंद्र सिंह राठौड़, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि गणेश मुनिया, पीपलखुटा सरपंच रघुनाथ निनामा, भाजपा जिला महामंत्री व सरपंच ऋषिराज सिंह, बड़वानी से बादल शर्मा तथा जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं अध्यक्ष के निजी सहायक ओम सेठिया मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

​हाईटेक नर्सरी में मिलेंगी ये उन्नत प्रजातियां
एमजीएम परिवार के सहयोग से विकसित इस हाईटेक नर्सरी का मुख्य उद्देश्य किसानों को उच्च गुणवत्ता वाली पौध सामग्री उपलब्ध कराना है। नर्सरी में किसानों को व्यावसायिक और मुनाफा देने वाली नई प्रजातियों के पौधे मिलेंगे, जिनमें मुख्य रूप से ​अगरवुड (Agarwood), ​मैकाडामिया नट (Macadamia Nut), ​कोकावा (Cocoa), ​मियाजाकी जापानी आम (Miyazaki Mango), ​सैम्पल एवं अन्य उपयोगी व्यावसायिक पौधे शामिल हैं।

​पारंपरिक खेती से आधुनिक और मुनाफे वाली खेती की ओर कदम
संस्था द्वारा रतलाम, हरदा, आष्टा और बड़वानी सहित कई जिलों में नर्सरी और उन्नत कृषि गतिविधियों का विस्तार किया जा रहा है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि इस पहल से किसान पारंपरिक खेती के साथ-साथ नई तकनीक और व्यावसायिक फसलों से जुड़कर अपनी आय में बढ़ोतरी कर सकेंगे।

​शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल किसानों ने इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र में कृषि के आधुनिकीकरण और किसानों की आर्थिक उन्नति की दिशा में एक मील का पत्थर बताया।