{"vars":{"id": "115716:4925"}}

गणेश महोत्सव: 'इ खबर टुडे' कार्यालय सहित जिलेभर में धूमधाम से विराजे गणपति बप्पा

 

 

 

 ​रतलाम,14 सितंबर (इ खबर टुडे)। गणेश महोत्सव के पावन अवसर पर सोमवार को जिलेभर में भारी उत्साह और श्रद्धा के साथ विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश का आगमन हुआ। शहर के प्रमुख चौराहों से लेकर घर-घर तक गजानन जी को गाजे-बाजे के साथ विराजित किया गया। श्रद्धालुओं द्वारा अपनी श्रद्धानुसार तीन से लेकर दस दिनों तक के लिए गणेश उत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

'​इ खबर टुडे डॉट कॉम' कार्यालय में भी विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गणपति बप्पा की स्थापना की गई। पूजा-अर्चना के पश्चात महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें संस्था की प्रतिमा सोनटक्के, संचालक तुषार कोठारी, लेखिका वैदेही कोठारी, पत्रकार हेमंत भट्ट, सिकंदर पटेल, किशोर सिलावट, विवेक राठौड़, प्रदीप जैन, सचिन सोनी तथा विमल प्रजापत सहित अन्य गणमान्य नागरिक और मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।

​बाजारों में रौनक, 100 से 9,000 रुपये तक की प्रतिमाएं
उत्सव को लेकर शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण अंचलों में भी जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। रतलाम शहर के मुख्य मार्गों, राम मंदिर, स्टेडियम मार्केट, माणकचौक और बाजना बस स्टैंड रोड पर सजी दुकानों व फड़ों से लोग भगवान गणेश की मूर्तियां खरीदते नजर आए। मिट्टी, भूसा, बांस और प्लास्टर ऑफ पेरिस (POP) से निर्मित इन प्रतिमाओं के दाम आकार व बनावट के आधार पर 100 रुपये से लेकर 9,000 रुपये तक हैं।

​10 दिनों तक गूंजेंगे भजन-कीर्तन, होंगे भंडारे
श्रद्धालुओं के अनुसार, 14 से 24 सितंबर तक चलने वाले इस दस दिवसीय महोत्सव के दौरान प्रतिदिन विशेष पूजा, आरती, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कई स्थानों पर महाप्रसाद एवं विशाल भंडारों का आयोजन भी किया जा रहा है, जिससे पूरा शहर भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ है।