हुसैन टेकरी से 6 माह के मासूम का अपहरण करने वाले गिरोह का 24 घंटे में खुलासा, बच्चा सकुशल बरामद (देखिए विडियो)
रतलाम,06 जून (इ खबर टुडे)। जावरा के हुसैन टेकरी से 6 माह के मासूम बच्चे के अपहरण की सनसनीखेज घटना का रतलाम पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने राजस्थान के एक संगठित गिरोह से जुड़े दो आरोपियों और एक विधि-विरुद्ध किशोर को गिरफ्तार कर अपहृत बालक को सकुशल बरामद कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने नए पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा अंतर्गत हुसैन टेकरी क्षेत्र से 6 माह के मासूम सयान का अपहरण कर लिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
ऐसे हुआ था अपहरण
फरियादी साहिल अपने परिवार के साथ पिछले 15 दिनों से हुसैन टेकरी में रुका हुआ था। 4-5 जून की रात वह परिवार सहित चिराग गेस्ट हाउस के पास एक दुकान के बाहर सो रहा था। उसी स्थान पर एक अज्ञात महिला, पुरुष और एक बच्चा भी आकर सो गए थे। सुबह करीब 4:30 बजे जब साहिल की नींद खुली तो उसका 6 माह का पुत्र सयान गायब था। साथ ही पास में सो रहे अज्ञात लोग भी वहां से फरार हो चुके थे।
परिजनों द्वारा काफी तलाश के बाद भी बच्चे का पता नहीं चलने पर थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा में अपहरण का मामला दर्ज किया गया।
200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रकाश गाडरिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी विश्लेषण, साइबर इनपुट, भौतिक साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। लगातार ट्रैकिंग और तकनीकी विश्लेषण के बाद संदिग्ध महिला, पुरुष और किशोर की पहचान स्थापित की गई। आरोपियों की लोकेशन शिवपुरी में मिलने पर वहां की पुलिस से संपर्क किया गया और संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
सकुशल मिला मासूम
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अपहृत बालक सयान को सकुशल बरामद कर लिया। बच्चे के सुरक्षित मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली।
गिरफ्तार आरोपी
निजाम मंसूरी (34) निवासी बंजारा मोहल्ला, अकलेरा जिला झालावाड़ (राजस्थान)
रुपाबाई (32) निवासी एलन हॉस्पिटल के पास कच्ची बस्ती, झालावाड़ (राजस्थान)
एक विधि-विरुद्ध किशोर बालक
मानव तस्करी के एंगल से भी जांच
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है। अपहरण के पीछे की मंशा, संभावित मानव तस्करी गिरोह से संबंध और अन्य सहयोगियों की भूमिका की जांच की जा रही है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा।
पुलिस टीम की सराहनीय सफलता
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक युवराज सिंह चौहान, थाना प्रभारी प्रकाश गाडरिया सहित पुलिस टीम के अधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। तकनीकी विश्लेषण और आरोपियों की ट्रैकिंग में उपनिरीक्षक जीवन बारिया, प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा, हिम्मत सिंह, विपुल भावसार तथा अन्य पुलिसकर्मियों का विशेष योगदान रहा।
पुलिस की तत्परता और तकनीकी जांच के दम पर महज 24 घंटे के भीतर मासूम की सकुशल बरामदगी को रतलाम पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।