चार साल पुरानी चोरी का खुलासा: घरेलू नौकर और उसकी पत्नी गिरफ्तार, रतलाम डीडी नगर पुलिस को मिली बड़ी सफलता
रतलाम, 28 सितंबर(इ खबर टुडे)। थाना दीनदयाल नगर (डीडी नगर) पुलिस ने चार वर्ष पूर्व हुई चोरी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए फरार आरोपी दंपति (पति-पत्नी) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद से लगातार राज्य से बाहर फरारी काट रहे थे और अपनी पहचान छिपाने के लिए मोबाइल व सिम तक बदल चुके थे। पुलिस ने तकनीकी संसाधनों और मुखबिर तंत्र की मदद से दोनों को धर दबोचा।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मामला 7 अप्रैल 2022 का है। कनेरी रोड निवासी फरियादी दिनेश चौधरी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि करीब तीन माह पूर्व उन्होंने अपने घर में काम के लिए सूरज बैरागी (निवासी नाई बरोदा, जिला धार) और उसकी पत्नी को रखा था। दोनों घर पर ही रहते थे। घटना वाले दिन परिवार के सदस्य किसी कार्य से बाहर गए हुए थे। जब वे लौटे तो नौकर और उसकी पत्नी गायब थे। अलमारी की जांच करने पर सोने के दो टॉप्स, सोने की दो अंगूठियां और 30,000 नकद गायब मिले।
चार साल से काट रहे थे फरारी
घटना के बाद से ही आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर थे। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर राकेश पान्द्रो एवं नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी डीडी नगर उप निरीक्षक अनुराग यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। चोर इतने शातिर थे कि उन्होंने पकड़ से बचने के लिए अपने मोबाइल नंबर और सिम बदल लिए थे तथा अन्य राज्य दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार में छिपकर रह रहे थे।
ऐसे हत्थे चढ़े आरोपी
पुलिस ने आरोपी के पुराने फोटो, मुखबिर सूचना और अत्याधुनिक तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर उसकी लोकेशन ट्रेस की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी सूरज पिता राकेश बैरागी (26 वर्ष) और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की बात स्वीकार कर ली है।
प्रेस वार्ता में दी जानकारी
दीनदयाल नगर थाने में आयोजित प्रेस वार्ता में एडिशनल एसपी राकेश पान्द्रो ने बताया कि आरोपियों को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है और उनसे चोरी गए सोने के आभूषण व नकदी की बरामदगी के लिए पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि फरारी के दौरान आरोपियों ने अन्य स्थानों पर भी अपराध किए हैं या नहीं।