{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 रतलाम / 24 घंटे में चार अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चार लोग लापता, अपहरण के मामले दर्ज

 

 

रतलाम, 10 सितम्बर (इ खबर टुडे)। जिले में पिछले 24 घंटों के भीतर दो युवकों, एक युवती और एक शादीशुदा महिला के संदिग्ध परिस्थितियों में गायब होने की सनसनीखेज वारदातें सामने आई हैं। परिजनों की आशंका के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पहला मामला माणक चौक थाना क्षैत्र अंतर्गत का है, जहा ज्योति नगर स्थित घर से 20 वर्षीय युवती अचानक लापता हो गई। परिजनों ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसे किसी गुप्त स्थान पर ले जाने की आशंका जताई है। दूसरा दीनदयाल नगर थाना अंतर्गत खटीक मोहल्ला (हाट की चौकी) से 21 वर्षीय युवक के संदिग्ध परिस्थितियों में गायब होने पर मामला दर्ज किया गया है। तीसरा जावरा शहर थाना के जेल रोड, जावरा निवासी 30 वर्षीय महिला के पति ने शिकायत दर्ज कराई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी पत्नी का अपहरण कर उसे गुप्त स्थान पर छिपा रखा है। चौथा मामला आलोट थाना के ग्राम तालोद से 22 वर्षीय युवक (भाणेज) को अज्ञात बदमाशों द्वारा बंधक बनाकर गुप्त स्थान पर रखने की शिकायत दर्ज कराई गई है।

बीएनएस के तहत मामला दर्ज
सभी चार थाना क्षेत्रों की पुलिस ने परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3) के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर लापता लोगों की लोकेशन ट्रैक करने और संदिग्धों से पूछताछ के प्रयास जारी हैं।