नामली थाना परिसर में दुष्कर्म के आरोपी की खुदकुशी के बाद थाना प्रभारी गायत्री सोनी लाइन हाजिर; अमित कोरी ने संभाली कमान
रतलाम, 16अप्रैल(इ खबर टुडे)। जिले के नामली थाने में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दुष्कर्म के आरोप में हिरासत में लिए गए एक 38 वर्षीय व्यक्ति ने थाना परिसर के भीतर ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस बड़ी लापरवाही के सामने आने के बाद जिला पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए तत्कालीन थाना प्रभारी गायत्री सोनी को हटा दिया है। उनके स्थान पर अमित कुमार कोरी ने नए थाना प्रभारी के रूप में चार्ज संभाल लिया है।
उल्लेखनीय है कि मृतक पर उसकी अपनी ही 16 वर्षीय बेटी ने दुष्कर्म जैसा गंभीर आरोप लगाया था। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। बताया जा रहा है कि गुरुवार अलसुबह लगभग 4:00 बजे युवक ने अपने पजामे के नाडे का फंदा बनाया और फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
वरिष्ठ अधिकारियों ने लिया जायजा
थाने में खुदकुशी की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अभिरक्षा में हुई इस मौत ने सुरक्षा व्यवस्थाओं और निगरानी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रशासनिक फेरबदल
घटना की गंभीरता और ड्यूटी में लापरवाही को देखते हुए शाम होते-होते गाज गिरनी शुरू हो गई। थाना प्रभारी गायत्री सोनी को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। निरीक्षक अमित कुमार कोरी ने गुरुवार शाम को ही नामली थाने की कमान संभालते हुए चार्ज ले लिया है।
फिलहाल, पुलिस प्रशासन मामले की न्यायिक जांच और विभागीय कार्रवाई की तैयारी कर रहा है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि इतनी बड़ी चूक आखिर कैसे हुई।