सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वाले 5 लोगों पर FIR दर्ज, रतलाम पुलिस अलर्ट मोड पर
रतलाम, 25 सितंबर (इ खबर टुडे)। शहर में शांति और सौहार्द का माहौल बनाए रखने के लिए रतलाम पुलिस पूरी तरह से सतर्क और मुस्तैद नजर आ रही है। विशेष रूप से संवेदनशील जावरा शहर में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके साथ ही, पुलिस सोशल मीडिया पर भी अपनी पैनी नजर बनाए हुए है। जावरा शहर थाने में सोशल मीडिया पर भड़काऊ व आपत्तिजनक पोस्ट शेयर करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए 5 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है।
गणेश विसर्जन पर्व, झांकियों और अखाड़ों के जुलूस को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जावरा में संवेदनशील क्षेत्रों और कर्बला मैदान जैसे स्थलों पर पुलिस बल तैनात रहकर स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में रखे हुए है।
"सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई" — एसपी अमित कुमार
मामले की जानकारी देते हुए रतलाम पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया पर अनर्गल व भड़काऊ बातें शेयर करने पर सख्त पाबंदी है। शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वाले और भड़काऊ तथ्य पोस्ट करने वाले लगभग 5 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा चुकी है।
एसपी अमित कुमार ने नागरिकों से अपील की है कि वे शांति और सौहार्द बनाए रखें तथा सोशल मीडिया पर ऐसी कोई भी सामग्री पोस्ट या शेयर न करें, जिससे कानून व्यवस्था बिगड़े या वैधानिक कार्रवाई का सामना करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि रतलाम पुलिस सोशल मीडिया के सभी प्लेटफार्मों पर नजर रख रही है, इसलिए सतर्क रहें और पुलिस का सहयोग करें।