{"vars":{"id": "115716:4925"}}

शेयर मार्केट विवाद में सुपारी देकर कराई गई थी फायरिंग, रतलाम पुलिस ने 24 घंटे में किया सनसनीखेज खुलासा; 5 आरोपी गिरफ्तार

​मुख्य साजिशकर्ता की तलाश जारी, पुलिस एनकाउंटर के डर से भाग रहे दो आरोपियों के पैर टूटे
 

 

 

 

​रतलाम, 20जून (इ खबर टुडे)। थाना दीनदयाल नगर क्षेत्र के सैफी नगर में बीते शुक्रवार को श्री गणेश ज्वेलर्स के संचालक कमल सोनी के सूने मकान पर हुई अंधाधुंध फायरिंग के मामले में रतलाम पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए महज दो दिनों के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में संलिप्त 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य साजिशकर्ता अभी भी फरार है। यह पूरी वारदात शेयर मार्केट और पैसों के लेनदेन के विवाद में डराने और वसूली करने की नीयत से सुपारी देकर कराई गई थी।

​पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने प्रेस वार्ता आयोजित कर मामले की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी (शहर) राकेश पंद्रो, एएसपी (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन और सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया के नेतृत्व में साइबर सेल व सीसीटीवी शाखा की एक संयुक्त विशेष टीम (SIT) गठित की गई थी। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुँचने में सफल रही।

​खिड़की पर चलाई थी गोली, बाल-बाल बचीं महिला
​घटना बीते शुक्रवार दोपहर करीब 3:16 बजे की है। सैफी नगर स्थित मकान नंबर 80 पर दो मोटरसाइकिलों से आए चार नकाबपोश बदमाशों ने हवाई फायरिंग की। उस वक्त घर के मालिक कमल सोनी अपने बेटे दिव्यांश के साथ जावरा गए हुए थे। घर पर मौजूद उनकी पत्नी मनीषा सोनी जैसे ही खिड़की के पास आईं, बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायर झोंक दिया। मनीषा सोनी की सतर्कता से वे तुरंत नीचे झुक गईं, जिससे गोली खिड़की के कांच को चीरती हुई निकल गई। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

​सरवन थाने से जुड़े हैं वारदात के तार
​पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि उन्होंने विनोद शर्मा उर्फ वीनू के कहने पर इस वारदात को अंजाम दिया था। दरअसल, फरियादी के बेटे दिव्यांश का सरवन निवासी आदित्य के साथ शेयर मार्केट (MCX) के पैसों के लेनदेन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। शुरुआती जांच के अनुसार, आदित्य ने पैसों की वसूली और दबाव बनाने के लिए विनय शर्मा को सुपारी दी थी, जिसने अपने गुर्गों से फायरिंग कराई। एसपी अमित कुमार ने बताया कि दो दिन पहले सरवन थाने पर भी आरोपियों के पक्ष में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे और फरियादी को धमकी दी थी। पुलिस सरवन थाने के सीसीटीवी फुटेज निकालकर भीड़ में शामिल लोगों को चिन्हित कर उन पर भी कड़ी कार्रवाई करेगी।

​भागने के प्रयास में दो आरोपियों के पैर टूटे, 3 रिंग रोड से दबोचे गए
​एसपी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर जब पुलिस टीम आरोपी भोला और विनीत को गिरफ्तार करने इसरथूनी की पहाड़ियों' पर पहुंची, तो दोनों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। भागने के चक्कर में वे पहाड़ियों से नीचे गिर गए, जिससे दोनों के पैरों में गंभीर चोटें (फ्रैक्चर) आई हैं। पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर उन्हें अस्पताल भिजवाया। इसके अतिरिक्त, तीन अन्य आरोपियों को रिंग रोड से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया।

​गिरफ्तार आरोपी
​भोला पिता रामेश्वर पाटीदार (29 वर्ष), निवासी पैलेस रोड, रतलाम
​विनीत उर्फ चुचू पिता महेंद्र सिंह बड़गोतिया (25 वर्ष), निवासी लक्ष्मणपुरा, रतलाम
​अजय उर्फ गट्टू पिता हरिराम चौहान (24 वर्ष), निवासी आनंद कॉलोनी, रतलाम
​रविन्द्र पिता मिथलेश राजन (32 वर्ष), निवासी रेल नगर, रतलाम
​कन्हैया नायक पिता हीरालाल (43 वर्ष)
​फरार आरोपी: विनोद उर्फ वीनू पिता प्यारेलाल शर्मा एवं अन्य।

​आरोपियों पर होगी जिला बदर की कार्रवाई
​पुलिस अब पकड़े गए आरोपियों से यह पूछताछ कर रही है कि उन्हें इस वारदात के लिए कितने रुपये की सुपारी मिली थी और वे अवैध हथियार (पिस्टल व राउंड) कहाँ से खरीदकर लाए थे। पुलिस इन सभी आरोपियों के खिलाफ जिला बदर की रासुका जैसी कठोर वैधानिक कार्रवाई करने की तैयारी में है।

​इस टीम की रही सराहनीय भूमिका
​सराहनीय कार्य करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अनुराग यादव, जीवन बारिया, राजा तिवारी, प्रधान आरक्षक लक्ष्मीनारायण सूर्यवंशी, मनमोहन शर्मा, आरक्षक विपुल भावसार, मयंक व्यास, राहुल पाटीदार, तुषार सिसोदिया, अभिषेक पाठक, हर्षल शर्मा, संदीप कुमावत, दीपक सिंह, शांतिलाल डिंडोर और रवि चंदेल शामिल रहे, जिन्हें एसपी द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।