रतलाम / धामनोद में खेतों में लगी आग, करीब 10 बीघा से अधिक की तैयार खड़ी फसल जलकर राख (देखिये वीडियो)
रतलाम,26 मार्च (इ खबर टुडे)। गुरुवार की शाम करीब 4.30 से 5 बजे खेतों के बीच लगे विधुत पोल पर तारों में हुए शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी से गेहूं की तैयार खड़ी फसल में आग लग गई। आग की इस घटना में करीब 9 से 10 बीघा से अधिक गेहूं की फसल जलकर नष्ट होने की जानकारी मिली है। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किसानों एवं ग्रामीणों ने मिट्टी और पानी फेंकने के साथ झाड़ियां - पेड़ की डालियां उखाड़कर पीटकर आग पर आग पर काबू पाने का सफल प्रयास किया। वहीं सूचना पर नगर परिषद सैलाना फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर पूरी तरह से काबू पाया गया।
मिली जानकारी अनुसार गुरुवार शाम करीब 4:30 से 5 बजे धामनोद में एटलेन रोड के पास शैलेन्द्र सिंह सिसौदिया और जितेन्द्र पाटीदार के गेंहू के खेतों में शार्ट सर्किट से आग लग गई जिसको देख कर आसपास के किसानों ने तत्परता से अपनी सूझ-बूझ से मिट्टी- पानी फेंकने और झाड़ियां - पेड़ की टहनियों से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया और आग को फैलने से रोका गया। किसानों ने आग लगने की सुचना नगर परिषद धामनोद के कर्मचारियों को भी दी गई थी लेकिन धामनोद नगर परिषद में दो अग्नि शमन वाहन होने के बावजूद एक भी वाहन मौके पर नहीं पहुंचा।
कर्मचारी का कहना था कि एक वाहन राजापुरा माताजी गढ़खंखाई माताजी मंदिर पर मेला में लगाया है और दूसरा वाहन चलने की स्थिति में नहीं है। उसके बाद सुचना मिलने पर नगर परिषद सैलाना का अग्नि शमन वाहन मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाया गया। राजस्व पटवारी विकास यादव भी मौके पर पहुंचे और मौका पंचनामा बनाया गया।