{"vars":{"id": "115716:4925"}}

रतलाम: महिला से दुष्कर्म कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप, मुस्लिम युवक पर एफआईआर दर्ज

 

 

 

रतलाम, 24 नवंबर (इ खबर टुडे)। जिले के बिलपांक थाना क्षेत्र के ग्राम कमेड से एक महिला के साथ कथित दुष्कर्म, रास्ता रोकने और धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने फरियादी महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।  

जानकारी के अनुसार, ग्राम कमेड निवासी फरियादी महिला ने अपने पुत्र के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि उसी गांव का निवासी वली मोहम्मद पिता मीरू मोहम्मद करीब 15 दिन पहले, 7 नवंबर 2026 को सुबह लगभग 11 बजे महिला के खेत पर पहुंचा और अकेला पाकर उसके साथ कथित रूप से जबरदस्ती दुष्कर्म किया। फरियादी के अनुसार, विरोध करने व चिल्लाने की कोशिश करने पर आरोपी ने उसका मुंह दबा दिया और गांव में विवाद की आशंका के चलते उसने यह बात किसी को नहीं बताई।  

​शिकायत में यह भी उल्लेख है कि चार दिन पहले खेत जाते समय आरोपी ने महिला को रास्ते में रोककर परेशान किया और रोज बात करने का दबाव बनाते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद 21 नवंबर 2026 को खेत जाते समय आरोपी ने फिर रास्ता रोककर मिलने का दबाव बनाया और मना करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान महिला का बेटा गोपाल खेत की ओर आ रहा था, जिसे देखकर आरोपी वहां से भाग गया। बेटे द्वारा पूछने पर महिला ने पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद थाने आकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। एफआईआर में यह भी दर्ज किया गया है कि बदनामी और डर के कारण पहले रिपोर्ट नहीं की गई थी, लेकिन आरोपी द्वारा अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने के कारण फरियादी थाने पहुंची।  

​इन धाराओं में दर्ज हुआ प्रकरण
बिलपांक पुलिस ने 21 नवंबर 2026 को रात 11:18 बजे एफआईआर क्रमांक 0771 पंजीबद्ध की है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 64(1), 79, 126(2) और 351(3) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।