{"vars":{"id": "115716:4925"}}

रतलाम / जमीन विवाद को लेकर घर में घुसकर मारपीट, 11 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज

 
 

रतलाम,04अप्रैल(इ खबर टुडे)। ताल थाना क्षेत्र के चंद्रशेखर मार्ग पर जमीन के पुराने विवाद को लेकर एक ही परिवार के सदस्यों और उनके साथियों द्वारा घर में घुसकर खूनी संघर्ष करने का मामला सामने आया है। इस हमले में महिलाओं सहित एक ही परिवार के कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मामले में 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।  

​फरियादी मुजफ्फर अली सय्यद ने पुलिस को बताया कि उनका मरमियाखडी रोड पर एक खेत है। इस खेत पर आरोपी फारुख अली और उसका परिवार अवैध रूप से कब्जा करना चाहता है। शुक्रवार, 3 अप्रैल की शाम करीब चार बजे, जब फरियादी अपने घर पर था, तभी आरोपियों ने संगठित होकर उनके घर पर हमला बोल दिया।  

​शिकायत के अनुसार, आरोपी अकबर अली, फारुख अली, अफसार अली और आजाद अली अश्लील गालियां देते हुए फरियादी के घर में घुस गए। उनके पीछे सैफ अली, आरिफ, हसन, मयूर, अकबर (पिता हसन), आमा अली और शेर अली भी एकमत होकर वहां पहुंचे।  

​मारपीट के दौरान ​फारुख अली ने लोहे के पाइप से मुजफ्फर अली के कान पर वार किया। ​आरिफ अली ने थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की। ​बचाव करने आए मुजफ्फर के पिता मुस्ताक अली पर शेर अली और आमा अली ने लाठियों से हमला किया, जिससे उनके सिर, हाथ और पैर में चोटें आईं। बीच-बचाव करने आईं महिलाओं शबनम बी और महक के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। ​

​जान से मारने की धमकी
आरोपियों ने घर पर पथराव भी किया, जिससे घर और वहां खड़ी मोटरसाइकिल को नुकसान पहुँचा है। ​घटना के बाद जाते समय आरोपियों ने फरियादी पक्ष को धमकी दी कि यदि वे दोबारा खेत की तरफ आए, तो उन्हें जान से खत्म कर दिया जाएगा।  

​पुलिस की कार्यवाही
थाना प्रभारी स्वराज डाबी ने बताया कि ​पुलिस ने मुजफ्फर अली की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत 11 आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच कार्यवाहक सहायक उपनिरीक्षक पंकज भंबोरिया को सौंपी गई है।