{"vars":{"id": "115716:4925"}}

आलोट में हत्या के बाद भारी बवाल: सड़क पर शव रखकर परिजनों का प्रदर्शन, आरोपियों के घर पर चला प्रशासन का बुलडोजर

 
 

रतलाम,03मई (इ खबर टुडे)। रतलाम जिले के आलोट में एक युवक की अपहरण के बाद की गई नृशंस हत्या ने पूरे क्षेत्र में तनाव पैदा कर दिया है। रविवार को गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने मृतक का शव बीच सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि हत्यारों का सार्वजनिक जुलूस निकाला जाए और उनके अवैध मकानों को तत्काल जमींदोज किया जाए। बढ़ते दबाव के बीच प्रशासन ने कार्रवाई शुरू करते हुए आरोपियों के मकानों को तोड़ने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।

​घटनाक्रम के अनुसार, शुक्रवार रात को आलोट से एक युवक मनीष माली 22 वर्षीय का अपहरण किया गया था। आरोपी उसे उज्जैन जिले की सीमा में ले गए, जहां उसकी हत्या कर शव को एक घर में छिपा दिया गया। जैसे ही हत्या की खबर फैली, शनिवार शाम से ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। शनिवार को थाने के घेराव के बाद, रविवार सुबह परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया।

​परिजनों की प्रमुख मांगें
​प्रदर्शन के दौरान परिजनों और स्थानीय निवासियों ने जमकर नारेबाजी की। उनकी मांगें है कि​हत्या के आरोपियों का शहर में सार्वजनिक जुलूस निकाला जाए। ​अपराधियों के अवैध निर्माणों और मकानों को पूरी तरह ध्वस्त किया जाए। ​मामले की त्वरित सुनवाई कर दोषियों को कठोरतम सजा दी जाए।

​प्रशासनिक कार्रवाई और गिरफ्तारियां
​हंगामे और बिगड़ती कानून व्यवस्था को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। सूत्रों के अनुसार, प्रशासन ने जनभावनाओं और कानून सम्मत कार्रवाई के तहत आरोपियों के मकान तोड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इस हत्याकांड में शामिल मयंक उर्फ महेंद्र सहित तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद और भी गिरफ्तारियां होने की सम्भावना बताई जा है। 

थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस बल बढ़ा दिया गया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है ताकि हत्या के पीछे के असल कारणों का खुलासा हो सके।