{"vars":{"id": "115716:4925"}}

रतलाम में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का बड़ा अभियान: 8-लेन एक्सप्रेस-वे पर नाकेबंदी, 1.71 लाख का सामान जब्त

 

 

रतलाम, 31अक्टूबर (इ खबर टुडे)। आबकारी विभाग ने जिला कलेक्टर अजय कटेसरिया एवं सहायक आबकारी आयुक्त विकास मण्डलोई के निर्देशन में अवैध मदिरा कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीमों ने सैलाना, आलोट और जावरा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों सहित दिल्ली-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेस-वे पर सघन तलाशी अभियान चलाकर अवैध शराब और लहान जब्त किया।

​सहायक जिला आबकारी अधिकारियों के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीमों ने वृत्त सैलाना और आलोट परगना के तहत अवैध शराब विक्रेताओं के ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम ने मौके से ​37 पाव देशी प्लेन मदिरा 61 बल्क लीटर हाथ भट्टी (कच्ची) शराब ​1560 किलोग्राम महुआ लहान बरामद कर नष्ट किया। ​जब्त की गई शराब और सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 1,71,000 रुपये बताई जा रही है।

​8-लेन एक्सप्रेस-वे पर रही पैनी नजर
ग्रामीण इलाकों में छापेमारी के साथ ही आबकारी विभाग ने दिल्ली-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेस-वे पर भी विशेष नाकेबंदी की। इस दौरान संदिग्ध वाहनों को रोककर गहन तलाशी ली गई ताकि अवैध शराब के परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
​
इस पूरी कार्रवाई में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) क, च एवं 36 के तहत कुल 08 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं। अभियान में आबकारी उपनिरीक्षक सहित समस्त प्रधान आरक्षक व आरक्षक शामिल रहे। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।