आबकारी विभाग की कार्रवाई: कबाड़ गोदामों की जांच, खाली बोतलों के दुरुपयोग पर सख्ती
रतलाम,17 नवंबर (इ खबर टुडे)। अवैध मदिरा निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने शहर में सघन जांच अभियान चलाया। कलेक्टर अजय कटेसरिया के आदेश और सहायक आबकारी आयुक्त विकास मण्डलोई के मार्गदर्शन में गठित टीम ने शहर के विभिन्न कबाड़ गोदामों पर दबिश दी और मदिरा दुकानों के आसपास अवैध रूप से शराब पिलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी मनोहर खरे के नेतृत्व में टीम ने शहर के कबाड़ गोदामों का निरीक्षण किया। इस दौरान गोदामों में जमा देशी और विदेशी मदिरा की खाली बोतलों व पाव के संबंध में जानकारी ली गई। विभाग ने कबाड़ियों को सख्त हिदायत और समझाइश दी कि यदि कोई भी व्यक्ति उनसे शराब की खाली बोतलें खरीदने आता है, तो वे तत्काल विभाग द्वारा जारी नंबरों पर इसकी सूचना दें। इस कदम का मुख्य उद्देश्य खाली बोतलों के माध्यम से होने वाले अवैध मदिरा निर्माण (नकली शराब) की आशंका को जड़ से खत्म करना है।
ओवरब्रिज के पास अवैध मदिरापान पर प्रकरण दर्ज
जांच अभियान के दौरान टीम ने सैलाना ओवरब्रिज स्थित मदिरा दुकान के आसपास भी दबिश दी। यहां अवैध रूप से मदिरापान करवाने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए आबकारी अधिनियम की धारा 36 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किए गए।
इस पूरी कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक पुष्पराज सिंह, सचिन भास्करे, प्रधान आरक्षक बनसिंह अहरे, रामचरण पवार, आबकारी आरक्षक वरुण चौहान, नगर सैनिक चेतराम मालवीय और श्रवण कुमार मकवाना की सराहनीय भूमिका रही। विभाग के अनुसार अवैध मदिरा के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।