{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 
पीथमपुर से धार तक रेलवे ट्रैक का काम पूरा, धार के रेलवे स्टेशन पर पहली बार पंहुचा इंजिन

 सफलता पूर्वक हुआ  इंजन का ट्रायल रन 
 
 इंदौर–दाहोद नई रेल लाइन परियोजना में महत्वपूर्ण प्रगति
 

रतलाम 25 मार्च(इ खबर टुडे) । पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल अंतर्गत बहुप्रतीक्षित इंदौर–दाहोद नई रेल लाइन परियोजना के निर्माण कार्य में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। परियोजना के अंतर्गत पीथमपुर से धार के बीच 38.26 किलोमीटर लंबे रेलखंड में ट्रैक बिछाने का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है।


 रतलाम मंडल के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, इस रेलखंड पर विद्युतीकरण एवं सिगनलिंग कार्य भी तीव्र गति से प्रगति पर है। साथ ही पीथमपुर, सागौर, गुणावद एवं धार स्टेशनों पर स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया एवं कवर शेड सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं का निर्माण कार्य शीघ्रता से किया जा रहा है। परियोजना के तहत टीही के समीप स्थित टनल का निर्माण कार्य भी अपने अंतिम चरण में है  तथा ट्रैक डालने का कार्य प्रगति पर है, जो इस रेल लाइन के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। ट्रैक बिछाने एवं ट्रैक मशीन द्वारा पैकिंग कार्य पूर्ण होने के उपरांत 23 एवं 24 मार्च को प्रारंभिक परीक्षण किए गए।

मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण)  विनीत गुप्ता के मार्गदर्शन एवं उपस्थिति में पीथमपुर से धार के बीच 25 मार्च 2026 सफल इंजन(टॉवर वेगन) ट्रायल संचालित किया गया। इस ट्रायल के दौरान टॉवर वेगन के माध्यम से से 38.26 किलोमीटर की दूरी 54 मिनट में तय की गई, जो ट्रैक की गुणवत्ता एवं कार्य की प्रगति का प्रमाण है। इस ट्रायल में टॉवर वेगन की अधिकतम गति लगभग 50 किलोमीटर प्रति घंटा रही।

इस अवसर पर मुख्य इंजीनियर (निर्माण), चर्चगेट धीरज कुमार, उप मुख्य इंजीनियर (निर्माण), इंदौर अंकुर सिंह, दिनेश कुमार मीना सहित निर्माण विभाग के अन्य अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।

इंदौर–दाहोद नई रेल लाइन परियोजना पूर्ण होने पर क्षेत्र में रेल संपर्क सुदृढ़ होगा, जिससे औद्योगिक एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय नागरिकों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।