{"vars":{"id": "115716:4925"}}

रतलाम / झारखंड के मुख्यमंत्री और ईसाई मिशनरियों का पुतला दहन, हिंदू संगठनों ने जताया विरोध

 

 

रतलाम, 21 नवंबर (इ खबर टुडे)। झारखंड की जनजातीय बेटी निशा भगत की आत्महत्या के मामले को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शनों का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में रतलाम शहर के डालू मोदी बाजार चौराहे पर श्री सूर्यमुखी बालाजी भक्त मंडल और सर्व हिंदू समाज के तत्वावधान में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और ईसाई मिशनरियों का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।

​प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग एकत्रित हुए और दिवंगत निशा भगत को श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे बंसी निनामा ने मीडिया से चर्चा करते हुए आरोप लगाया कि झारखंड में धर्म परिवर्तन के खिलाफ आवाज उठाने वाली निशा भगत को वहां की वर्तमान हेमंत सोरेन सरकार, स्थानीय प्रशासन और ईसाई मिशनरियों द्वारा लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।

​उन्होंने कहा कि निशा भगत के आंदोलनों को दबाने के लिए उन पर अलग-अलग 21 थानों में प्रकरण दर्ज करवाए गए थे। एक मध्यमवर्गीय और गरीब परिवार से होने के कारण बार-बार अलग-अलग थानों में पेशी पर जाने के दबाव और प्रताड़ना को वे सहन नहीं कर सकीं। वक्ताओं ने बताया कि अपनी मृत्यु से पूर्व जारी किए गए एक सोशल मीडिया वीडियो में भी निशा ने इस मानसिक प्रताड़ना का जिक्र किया था और कहा था कि वे पढ़-लिखकर वकील बनना चाहती थीं ताकि स्वयं अपना केस लड़ सकें।

​इस घटना से आक्रोशित सर्व हिंदू समाज के लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।