इ खबर टुडे’ की मुहिम रंग लाई: गुलाब चक्कर से हटेंगे वर्षों पुराने बैरिकेड्स, कलेक्टर ने दिए निर्देश
रतलाम, 16 नवम्बर(इ खबर टुडे)। शहर के नवश्रृंगारित गुलाब चक्कर परिसर के आसपास वर्षों से लगे अवरोधक बैरिकेड्स अब जल्द ही हटाए जाएंगे। जनहित और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर अजय कटेसरिया ने नगर निगम आयुक्त को इस संबंध में तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।
गौरतलब है कि पुराने कलेक्टोरेट और गुलाब चक्कर के आसपास लंबे समय से लगे बैरिकेड्स के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस जनसमस्या को ‘इ खबर टुडे’ ने प्रमुखता से उठाते हुए प्रशासनिक अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया था। खबर के प्रकाशन के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर कटेसरिया ने संज्ञान लिया और जनहित में बैरिकेड्स हटाने का निर्णय लिया।
उल्लेखनीय है कि नवश्रृंगारित गुलाब चक्कर परिसर में प्रतिदिन विभिन्न सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल होते हैं। बैरिकेड्स हटने से परिसर में आने-जाने वाले नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी और यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी।