रतलाम में यातायात पुलिस की कार्रवाई: बेतरतीब खड़े वाहनों पर बनाए ई-चालान, फोरलेन के अवैध कट किए बंद
रतलाम,21अगस्त (इ खबर टुडे)। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस विभाग ने शुक्रवार को प्रभावी कार्रवाई की। पुलिस ने जहां एक ओर शहर के व्यस्त क्षेत्रों में यातायात बाधित करने वाले चार पहिया वाहनों के चालान काटे, वहीं दूसरी ओर सातरुंडा से जावरा फोरलेन पर बने अवैध और जानलेवा डिवाइडर कटों को दुरुस्त कर पूरी तरह बंद कराया।
यातायात डीएसपी आनंद कुमार सोनी ने बताया कि साइ चबूतरा क्षेत्र स्थित शिक्षा विभाग के सामने से सड़क पर बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों के कारण ट्रैफिक जाम होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही यातायात पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लगभग 8 से 10 चार पहिया वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान कई वाहनों के मालिक मौके पर मौजूद नहीं थे, जिस पर पुलिस ने तुरंत ई-चालान बनाकर रसीद संबंधित वाहनों पर ही चस्पा कर दी।
हादसों को रोकने के लिए हाइड्रा और क्रेन की मदद से बंद किए 100 अवैध कट
सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने सातरुंडा से जावरा फोरलेन मार्ग पर भी व्यापक अभियान चलाया। डीएसपी सोनी के अनुसार, हाईवे स्थित ग्राम जमुनिया (भारत पेट्रोलियम पंप के पास), सातरूंडा और शिमलावदा तक पेट्रोल पंपों, ढाबों व होटलों के सामने बने अवैध कटों को पूरी तरह बंद करा दिया गया है।
इस दौरान क्रेन और हाइड्रा की मदद से कांक्रीट के लगभग 100 भारी बैरिकेड्स अवैध कट पॉइंट पर लगवाए गए। वहीं, छोटे कटों को सीमेंट प्लास्टर के माध्यम से पक्का करके बंद किया गया, ताकि भविष्य में कोई दुर्घटना न हो सके। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि यातायात बाधित करने वालों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।