{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 पार्षद की उदासीनता के कारण रतलाम के वार्ड 34 के हालात बद्तर 

 भाजपा की छवि हो रही है खराब
 

 

रतलाम, 06 सितम्बर (इ खबर टुडे)। रतलाम के वार्ड नंबर 34 के भाजपा पार्षद योगेश पोपटवाल की निष्क्रियता, उदासीनता और नक्कारापन के कारण टी आई टी रोड क्षेत्र की अनेक गलियों, बैंककॉलोनी, भूत बंगला क्षेत्र में समस्याओं का अंबार लग गया है ,बदतर हालात से त्रस्त अनेक नागरिकगण कहने लगे हैं कि समस्याओं के कारण हम लंबे अरसे से परेशानी झेल रहे हैं और पार्षद को बताने के बावजूद वे निराकरण करने में विफल रहे हैं। ऐसे में पार्षद के कारण भाजपा से मोह भंग होने लगा है, अगली बार चुनाव में यह सोचना होगा कि वोट बीजेपी को दे या नोटा में डालें ?भाजपा की जनता के समक्ष फजीहत कराते ऐसे जनप्रतिनिधियों  को सबक सिखाना भाजपा के बड़े जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है अन्यथा पार्टी के लिए ऐसे लोग विपक्ष को फायदा पहुंचाने वाले साबित होंगे ।

बताया जाता है कि टीआईटी रोड के अनेक क्षेत्रों, गलियों ,सड़कों एवं वहां स्थित नालियों की 8 से 10 दिनों तक कोई सफाई नहीं की जाती है इससे गंदगी ,सड़ांध मच्छरों की भरमार के कारण बीमारियां तेजी से फैल रही है। करीब तीन माह से सीवरेज एवं नालियों का दूषित पानी पाइपलाइन से होता घरों में नलो के माध्यम से बीमारियां परोस रहा है, क्षेत्र में बड़ी संख्या मे आवारा कुत्तों की बाढ़ आई हुई है जो झुंड में बच्चों, बुजुर्गों ,महिलाओं, वाहन चालकों पर हमलाकर उन्हें घायल कर रहे हैं हालत यह है कि एक भाजपा की पूर्व महिला पार्षद को कुत्तों ने बुरी तरह काटकर घायल कर दिया था। रात भर समूह में भोंकते  आवारा कुत्तों ने नागरिकों की नींद हराम कर रखी है।

क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर सब्जी वालों का अतिक्रमण यातायात को बुरी तरह प्रभावित कर रहा है जिससे आए दिन वाहनों की दुर्घटनाएं हो रही है।वहीं वाहनों को सड़क पर खड़ा कर देने के कारण पैदल चलना तक दुर्भर हो गया है। बताया जाता है कि अवैध रूप से लग रही यह सब्जी मंडी को कतिपय छुट भैय्या नेताओं का संरक्षण प्राप्त है।
 
वार्ड 34 के अनेक लोगों ने बताया कि  पार्षद ने चुनाव के दौरान चरणों में गिरकर भाजपा के लिए वोट मांगे और वार्ड को ग्रीन एवं क्लीन बनाने का वादा किया था वह आज मिलने ,सुनने एवं हमारे फोन उठाने तक को तैयार नहीं है? ऐसे नकारा जनप्रतिनिधियों को  संभव है कि जनता भविष्य में आक्रोशित एवं मजबूर होकर सबक सिखाएगी?