खाद्यान्न वितरण में लापरवाही पर तत्काल कार्रवाई करें डीएसओ : कलेक्टर श्री कटेसरिया
दुकानवार समीक्षा कर जिम्मेदारी तय करने के दिए निर्देश
रतलाम, 02 नवम्बर (इ खबर टुडे)। साप्ताहिक अंतरविभागीय समीक्षा बैठक में कलेक्टर अजय कटेसरिया ने खाद्यान्न वितरण की समीक्षा करते हुए कम राशन वितरण पर नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि जिन उचित मूल्य दुकानों पर खाद्यान्न का कम वितरण हो रहा है, उनके विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करें। साथ ही दुकानवार जानकारी तैयार कर यह चिन्हित करें कि किन दुकानों पर सबसे कम राशन वितरित हुआ है।
कलेक्टर ने कहा कि सैलाना, रतलाम एवं बाजना क्षेत्र में खाद्यान्न वितरण की स्थिति संतोषजनक नहीं है। इन क्षेत्रों में वितरण की प्रगति बेहतर होना चाहिए। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में कम राशन वितरण पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को वितरण व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए।
समीक्षा में जनपद पंचायत बाजना के ग्राम आमलीपाड़ा, तम्बोलिया, कुंडियापाड़ा, जाबड़ एवं रूपापाड़ा में सबसे कम खाद्यान्न वितरण पाया गया। इसी प्रकार जनपद पंचायत रतलाम के ग्राम नौगांवाजागीर, ईटावाखुर्द, तितरी, बिबड़ोद एवं रामपुरिया तथा जनपद पंचायत सैलाना के ग्राम कांगसी, कोटड़ा, पुनियाखेड़ी, वाली एवं भामट में भी सबसे कम खाद्यान्न वितरण किया गया।
कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिए कि जमीन आवंटन से संबंधित प्रकरणों में संबंधित अधिकारी तहसीलदार के साथ मौके पर जाकर भूमि का निरीक्षण करें तथा आवंटन की कार्रवाई सुनिश्चित करें। इसके लिए जिला अधिकारी तहसीलदार से सीधे समन्वय स्थापित करें।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को बाजना में मेटरनिटी वार्ड निर्माण का कार्य तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए। बैठक में अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।