{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 रतलाम / पुराने कर्मचारी को घर छोड़ने पर विवाद: कबाड़ी और उसके बेटे ने युवक को पीटा, केस दर्ज

 

 

​रतलाम, 24अगस्त (इ खबर टुडे)। शहर के माणकचौक थाना क्षेत्र अंतर्गत हाटरोड पर काम की बात को लेकर विवाद में एक युवक के साथ मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी माणकचौक निवासी कबाड़ छटनी का कार्य करता है। उसने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि बीते दिन रविवार की शाम करीब 6 बजे वह अपने भांजे पवन नायक के साथ मोटरसाइकिल से अपने साथी कर्मचारी दिनेश सिसौदिया को हाटरोड स्थित उसके घर छोड़ने गया था। ​वहां पहुंचने पर क्षेत्र का कबाड़ी अकबर (उर्फ रघुवीर) और उसका बेटा अचानक सामने आ गए। आरोपी अकबर ने गाली-गलौज करते हुए कहा कि "दिनेश मेरे साथ काम करता था, तुमने उसे भड़काकर काम से हटा दिया।"

​लाठी से किया हमला, जान से मारने की धमकी
फरियादी द्वारा गाली देने से मना करने पर विवाद बढ़ गया। आरोपी अकबर और उसका बेटा हाथापाई पर उतर आए। इसी दौरान अकबर की पत्नी भी हाथ में लकड़ी (लाठी) लेकर मौके पर पहुंच गई। आरोपियों ने पीड़ित पर हमला कर दिया, जिससे उसके नाक और होंठ पर चोटें आईं। बीच-बचाव करने आए भांजे पवन नायक के साथ भी धक्का-मुक्की की गई। ​मारपीट के दौरान आरोपियों ने फरियादी को धमकी दी कि “आज के बाद यहां दिखे तो जान से खत्म कर देंगे।”

घटना के बाद पीड़ित अपने भांजे और साथी दिनेश के साथ दीनदयाल नगर थाने पहुंचा और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने फरियादी का मेडिकल परीक्षण करवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।