शादी का वीडियो डेटा मांगने को लेकर विवाद: घर में घुसकर पति-पत्नी से मारपीट, जान से मारने की धमकी
रतलाम, 19 सितंबर (इ खबर टुडे)। पिपलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम मचुन में शादी की वीडियो रिकॉर्डिंग का डेटा मांगने की बात को लेकर हुए विवाद में एक दंपति के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम मचुन निवासी फरियादी (जो फोटोग्राफी का कार्य करता है) ने करीब दो साल पहले ग्राम भैंसाडाबर निवासी रवि (पिता शंभूलाल) की शादी में फोटोग्राफी की थी और फोटो एल्बम दे दिया था। हाल ही में रवि ने शादी के वीडियो का डेटा मांगा। इस पर फरियादी ने कहा कि काफी समय हो गया है, यदि डेटा मिलेगा तो दे देगा।
इसी बात से नाराज होकर रवि ने फोन पर गाली-गलौज करते हुए घर आकर मारपीट करने की धमकी दी। थोड़ी देर बाद रवि और उसके पिता शंभूलाल फरियादी के घर पहुंचे और अश्लील गालियां देने लगे। जब फरियादी ने मना किया तो शंभूलाल ने उसके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने आई फरियादी की पत्नी पिंकी के साथ भी आरोपियों ने धक्का-मुक्की और मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं।
मौके पर मौजूद फरियादी के छोटे भाई पुष्कर और उसकी पत्नी कविता ने बीच-बचाव किया। जाते-जाते आरोपियों ने वीडियो डेटा न देने पर जान से खत्म करने की धमकी भी दी। इसके बाद पीड़ित परिवार (पत्नी पिंकी, मां मोहनबाई और भाई पुष्कर) के साथ पिपलौदा थाने पहुंचा और मामला दर्ज कराया। पुलिस मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है।