{"vars":{"id": "115716:4925"}}

रतलाम / पटाखे फोड़ने को लेकर विवाद: दुकान के सामने युवकों से मारपीट और घर में घुसकर महिला पर हमला, हिंदू संगठनों ने की आरोपियों के जुलूस की मांग

शाहिद और उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज
 
​हिंदू जागरण मंच, बजरंग दल और जयस कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर जताया विरोध

 

रतलाम, 11 नवंबर (इ खबर टुडे)। स्टेशन रोड थाना अंतर्गत गांव सनावदा में सोमवार रात पटाखे फोड़ने के विवाद को लेकर एक दुकान के सामने जमकर मारपीट और हंगामा हुआ। आरोपियों ने महिला के साथ भी मारपीट करते हुए धमकी दी। पुलिस ने मुख्य आरोपी शाहिद और उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।  

जानकारी के अनुसार  ​पुलिस को दी गई शिकायत में अर्जुन राणा पिता मांगीलाल राणा ने बताया कि वह मजदूरी करता है। सोमवार रात करीब 9:30 बजे वह अपने दोस्तों अशोक भूरिया और रोहित सिंगाड़ के साथ शाहिद की दुकान के सामने सड़क पर पटाखे फोड़ रहा था। इसी दौरान शाहिद ने पटाखे फोड़ने से मना किया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर शाहिद अपने दो साथियों के साथ आया और तीनों के साथ मारपीट की। इस घटना में अर्जुन की पीठ तथा अशोक के दाहिने हाथ की हथेली, कोहनी और कमर में चोटें आईं, साथ ही आरोपियों ने उनके कपड़े भी फाड़ दिए।  

​रोहित के घर पहुंचकर महिला को भी पीटा
​विवाद की जानकारी मिलने पर रोहित और सुनीताबाई बीच-बचराव करने पहुंचे, जिस पर आरोपियों ने उनके साथ भी गाली-गलौज की। इसके बाद रोहित और सुनीताबाई अपने घर चले गए, लेकिन शाहिद अपने साथियों के साथ रोहित के घर जा पहुंचा और दोनों के साथ मारपीट की। इस हमले में रोहित के बाएं पैर के पंजे, घुटने और दोनों हाथों की हथेलियों में चोट आई, जबकि सुनीताबाई के गाल पर थप्पड़ मारे गए। बीच-बचराव करने आए सुनील को भी आरोपियों ने धमकी दी कि यदि दोबारा दुकान के सामने पटाखे फोड़े तो जान से खत्म कर देंगे।  

​संगठन पहुंचे थाने, जुलूस निकालने की मांग
​घटना से आक्रोशित पीड़ित पक्ष ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। मंगलवार दोपहर को हिंदू जागरण मंच, बजरंग दल और जयस संगठन के कार्यकर्ता पीड़ित पक्ष के साथ थाने पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मांग की कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनका जुलूस निकाला जाना चाहिए।  

​जयस जिलाध्यक्ष दीपक निनामा ने भी आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई। स्थिति को संभालते हुए सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया और थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम ने कार्यकर्ताओं एवं पीड़ित पक्ष को समझाया तथा जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया, जिसके बाद सभी लोग लौट गए। पुलिस फिलहाल एक आरोपी को हिरासत में लेकर बाकी दो की तलाश कर रही है।