रतलाम / साईं बाबा के भंडारे में विवाद, पूर्व कार्यकर्ता की कार के कांच फोड़े, थाने पंहुचा मामला
रतलाम, 07 मई (इ खबर टुडे)। शहर के शास्त्री नगर स्थित साईं मंदिर पर आयोजित वार्षिक भंडारे में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सेवा कार्य के दौरान दो पक्ष आपस में भिड़ गए। विवाद इतना उग्र हुआ कि उत्तेजित कार्यकर्ताओं ने एक पूर्व समिति सदस्य की कार में तोड़फोड़ कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक स्वयं थाने पहुंचे और दोनों पक्षों के आवेदन लेकर जांच का आश्वासन दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, शास्त्री नगर साईं मंदिर पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी भव्य भंडारे का आयोजन किया जा रहा था। आयोजन के दौरान पूर्व साईं समिति कार्यकर्ता मनोज शर्मा और वर्तमान में सेवा दे रहे पदाधिकारियों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई।
साईं सेवा समिति के पदाधिकारियों का आरोप है कि मनोज शर्मा ने भंडारे के पवित्र माहौल में साईं बाबा के विरुद्ध अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया। इस बात से आक्रोशित होकर वहां मौजूद कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने अपना आपा खो दिया और मनोज शर्मा की बलेनो कार पर हमला बोल दिया, जिससे गाड़ी के आगे का कांच फूट गया।
थाने पहुंचा हंगामा, CSP भी पहुंचे
घटना के बाद दोनों पक्ष बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ स्टेशन रोड थाने पहुंचे। थाने पर भी काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही और दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा। मामले की सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया स्टेशन रोड थाने पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों की दलीलें सुनीं और हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराया।
"दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई है। एक पक्ष ने अश्लील टिप्पणी का आरोप लगाया है, वहीं दूसरे पक्ष ने तोड़फोड़ की शिकायत की है। फिलहाल दोनों पक्षों से आवेदन ले लिए गए हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।"
— सत्येंद्र घनघोरिया, CSP, रतलाम