रतलाम: बारिश से पहले ढहाए जाएंगे जर्जर भवन, शिक्षा विभाग को प्राथमिकता के निर्देश
रतलाम,08 जून(इ खबर टुडे)। मानसून की दस्तक से पहले जिला प्रशासन जर्जर और खतरनाक भवनों को लेकर पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। सोमवार को कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ सुश्री वैशाली जैन ने सभी विभाग प्रमुखों को अपने-अपने विभागों के जर्जर भवनों को चिन्हित कर उन्हें तुरंत डिस्मेंटल (ढहाने) करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
विशेषकर शिक्षा विभाग को हिदायत दी गई है कि बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर जर्जर स्कूल भवनों को प्राथमिकता से चिन्हित कर वर्षाकाल शुरू होने से पहले ही हटा दिया जाए। बैठक में नगर निगम आयुक्त अनिल भाना, एसडीएम सुश्री आर्ची हरित सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद थे।
प्रभारी कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन और समयावधि पत्रों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का निराकरण एल-1 (प्राथमिक) स्तर पर ही हो जाना चाहिए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे शिकायतकर्ता से सीधे बात करें और उनकी समस्या का समाधान करते हुए संतुष्टिपूर्ण जवाब पोर्टल पर दर्ज करें। इसके साथ ही नगरीय निकाय के सीएमओ और जनपद सीईओ को समग्र ई-केवाईसी का कार्य शत-प्रतिशत पूरा करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
12 से 18 जून तक सजेंगे जनकल्याण शिविर
बैठक में सुश्री वैशाली जैन ने बताया कि सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार, विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के बीच सरकार द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आगामी 12 जून से 18 जून तक सभी जनपद मुख्यालयों और नगरीय निकायों में 'जनकल्याण शिविरों' का आयोजन किया जाएगा।
शिविरों का मुख्य उद्देश्य शासन की प्रमुख हितग्राहीमूलक योजनाओं से छूटे हुए पात्र लोगों की पहचान करना। मौके पर ही उनका पंजीयन, स्वीकृति और लाभ वितरण सुनिश्चित करना। आम जनता की समस्याओं और शिकायतों का त्वरित (ऑन द स्पॉट) निराकरण करना। प्रभारी कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे समय रहते इन शिविरों की सभी तैयारियां पूरी कर लें ताकि अंतिम छोर के व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुँचाया जा सके।