रतलाम / नगर निगम के पास भटकते मिले दो साल के मासूम को डायल-112 ने परिजनों से मिलाया
रतलाम, 26 नवम्बर (इ खबर टुडे)। थाना स्टेशन रोड क्षेत्र अंतर्गत नगर निगम के पास गुरुवार सुबह अपने परिजनों से बिछड़े एक लगभग दो वर्षीय मासूम बालक को डायल-112 के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल उसके परिवार से मिला दिया।
जानकारी के अनुसार आज गुरुवार की सुबह करीब 8 बजे राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम (डायल-112), भोपाल को सूचना मिली कि रतलाम के नगर निगम क्षेत्र के पास एक छोटा बच्चा लावारिस हालत में घूम रहा है। सूचना मिलते ही तत्काल थाना स्टेशन रोड क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन को मौके के लिए रवाना किया गया।
मौके पर पहुंचे जवानों ने रोते-बिलखते मासूम को अपने संरक्षण में लिया। उम्र काफी कम होने के कारण बच्चा अपना नाम, पता या परिजनों के बारे में कुछ भी बता पाने में असमर्थ था। इसके बाद जवानों ने संवेदनशीलता और सूझबूझ का परिचय देते हुए आसपास के इलाकों में सघन तलाश शुरू की और स्थानीय लोगों व दुकानदारों से पूछताछ की।
जवानों के प्रयासों से जल्द ही बच्चे के परिजनों का पता चल गया। पुलिस ने आवश्यक पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद मासूम को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अपने कलेजे के टुकड़े को सुरक्षित पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और डायल-112 पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।