{"vars":{"id": "115716:4925"}}

रतलाम: ट्रिपल इंजन की सरकार होने के बावजूद सीएम की घोषणा के 14 महीने बाद भी नहीं सुधरी नेहरू स्टेडियम की सूरत, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष मयंक जाट ने उठाए सवाल...

 

 

रतलाम, 10 सितंबर(इ खबर टुडे)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा रतलाम के ऐतिहासिक नेहरू स्टेडियम के कायाकल्प के लिए की गई पांच करोड़ रुपये की घोषणा 14 महीने बीत जाने के बाद भी धरातल पर नहीं उतर सकी है। इस मुद्दे को लेकर युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष मयंक जाट ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर मयंक जाट ने नेहरू स्टेडियम की बदहाली को उजागर करते हुए मुख्यमंत्री के उस पुराने बयान को साझा किया है, जिसमें उन्होंने मंच से रतलाम से अपना आत्मीय रिश्ता बताते हुए स्टेडियम के जीर्णोद्धार के लिए पांच करोड़ रुपये देने की घोषणा की थी।

युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष मयंक जाट ने कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार होने के बावजूद मुख्यमंत्री की इस घोषणा को 14 महीने का लंबा समय बीत चुका है, लेकिन स्टेडियम परिसर में विकास के नाम पर एक ईंट तक नहीं लगाई गई है। उन्होंने स्टेडियम के वर्तमान हालात पर कहा कि खेल मैदान पूरी तरह से बदहाल हो चुका है, जहां बारिश के चलते पानी और कीचड़ जमा है और चारों ओर गंदगी तथा झाड़ियां फैली हुई हैं। ऐसी स्थिति में खिलाड़ियों और युवाओं के लिए यहां अभ्यास करना भी संभव नहीं रह गया है।

मयंक जाट ने आरोप लगाया कि शहर के एकमात्र प्रमुख खेल केंद्र की लगातार उपेक्षा की जा रही है, जिससे स्थानीय खेल प्रतिभाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने शासन और प्रशासन से मांग की है कि कागजी घोषणाओं से आगे बढ़कर स्वीकृत राशि को तत्काल प्रभाव से जारी किया जाए और नेहरू स्टेडियम के जीर्णोद्धार का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कराया जाए ताकि रतलाम के खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकें।